नशे के दुष्प्रभावों के प्रति युवाओं को किया जागरूक, नशा तस्करी की सूचना पुलिस को देने की अपील
ब्रह्मकुमारी गीता पाठशाला सांपला द्वारा रक्तदान जागृति मंच सांपला के माध्यम से महाराजा अग्रसेन भवन, मुख्य बाजार सांपला में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में थाना सांपला से निरीक्षक सुरेन्द्र कुमार, प्रबंधक अफसर थाना सांपला, पुलिस टीम सहित पहुंचे और रक्तदान करने वाले युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
पुलिस टीम द्वारा शिविर में उपस्थित नौजवानों को बताया गया कि नशे का सेवन व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार एवं सामाजिक जीवन पर गंभीर दुष्प्रभाव डालता है। युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेलकूद एवं सकारात्मक गतिविधियों में लगाने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस टीम ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशीले पदार्थों का कारोबार करता है या युवाओं को नशे की ओर धकेलने का प्रयास करता है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान को गोपनीय रखते हुए नशे का कारोबार करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इस अवसर पर रक्तदान शिविर में भाग लेने वाले नौजवान युवाओं की हौसलाअफजाई के लिए आयोजकों के माध्यम से पुरस्कार वितरित किए गए। पुलिस टीम ने युवाओं को समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने तथा स्वयं नशे से दूर रहने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया।
रोहतक पुलिस का संदेश — युवा शक्ति को नशे से बचाएं, नशे के कारोबार की सूचना पुलिस को दें और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।

