Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सांपला अग्निकांड: प्रभावित व्यापारियों से मिले मनीष ग्रोवर, 5 लाख की अंतरिम राहत राशि घोषित

रोहतक जिले के सांपला कस्बे के मुख्य बाजार में हाल ही में हुए अग्निकांड के बाद, पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर रविवार को घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने आग से प्रभावित व्यापारियों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और नुकसान का जायजा लिया। ग्रोवर ने उन्हें हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

इस दौरान, ग्रोवर ने बताया कि विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्डा ने अपने सरकारी कोष से पीड़ित व्यापारियों के लिए 5 लाख रुपए की अंतरिम राहत राशि की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इस अग्निकांड से व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रशासन द्वारा नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाएगा, जिसके आधार पर प्रभावितों को उचित मुआवजा दिलाने के प्रयास किए जाएंगे।

मनीष ग्रोवर ने आश्वासन दिया कि भाजपा सरकार इस संकट की घड़ी में व्यापारियों के साथ खड़ी है। उन्होंने जिला प्रशासन से सांपला में दमकल विभाग की सुविधाओं को मजबूत करने का आग्रह किया, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।

ग्रोवर ने आग बुझाने में जुटे दमकल विभाग के कर्मचारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि समय पर कार्रवाई से आसपास की कई अन्य दुकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।

उल्लेखनीय है कि यह अग्निकांड 19 जून की रात सांपला के मुख्य बाजार स्थित जेपी फैशन शोरूम में हुआ था। आग इतनी भीषण थी कि पूरी दुकान जलकर राख हो गई और लाखों रुपए का सामान नष्ट हो गया। दमकल विभाग की टीमों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था। इस घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में चिंता का माहौल है।

Exit mobile version