Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

‘सलमान खान का हाल बाबा सिद्दीकी से भी बुरा होगा’- लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने मुंबई पुलिस को भेजा धमकी भरा मैसेज; एक्टर की जान के बदले मांगी करोडों की फिरौती

बाबा सिद्दीकी के मर्डर के 6 दिन बाद एक्टर सलमान खान को जान से मारने की धमकी मिली है। यह धमकी मुंबई ट्रैफिक कंट्रोल रूम को वॉट्सऐप मैसेज के जरिए भेजी गई है। धमकाने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग का मेंबर बताया है। मुंबई पुलिस के मुताबिक, धमकी भरी मैसेज में लिखा था- इसे हल्के में मत लीजिए। सलमान खान को जिंदा रहना है और उसे लॉरेंस से दुश्मनी खत्म करनी है तो उसे 5 करोड़ रुपए देने होंगे। अगर पैसे नहीं दिए गए तो सलमान खान का हाल बाबा सिद्दीकी से भी बुरा होगा।

मुंबई पुलिस मैसेज भेजने वाले को ट्रैक करने में जुटी है। सलमान के करीबी और NCP नेता बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर को हत्या कर दी गई थी। इसके बाद सलमान की सुरक्षा बढ़ाई गई थी। फिलहाल इस बात की कोई पुष्टि नहीं हुई है कि यह धमकी असल में किसी गैंग की तरफ से दी गई है या फिर किसी व्यक्ति ने सिर्फ पुलिस को परेशान करने के लिए ये सब किया है। दरअसल पिछले कई दिनों से फेक थ्रेड कॉल्स और मैसेज पुलिस को आ रहे हैं। मुंबई पुलिस इस मामले में पूरे प्रोटोकॉल को फॉलो करते हुए जांच में जुट गई है।

सलमान खान के बांद्रा स्थित घर गैलेक्सी अपार्टमेंट पर फायरिंग हुई थी। हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस ग्रुप ने ली थी। घटना के दो महीने बाद सलमान ने मुंबई पुलिस को बयान दिया था। उन्होंने कहा था, ‘बार-बार अलग-अलग लोगों के निशाने पर आने से मैं थक गया हूं। पहले भी कई बार धमकियां मिल चुकी हैं, जुर्माने लगे हैं। कई केसों में फंसा हूं।’

सलमान पर आरोप है कि 1998 में फिल्म ‘हम साथ साथ हैं’ की शूटिंग के दौरान राजस्थान के जंगलों में काले हिरण का शिकार किया था। सलमान के अलावा सैफ अली खान, सोनाली बेंद्रे, तब्बू और नीलम कोठारी पर भी आरोप लगे थे। बिश्नोई समाज ने तब सलमान के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई थी। सलमान को इसके लिए जोधपुर कोर्ट ने पांच साल की सजा भी सुनाई थी, हालांकि, बाद में उन्हें इस मामले में बेल मिल गई। इसी के चलते गैंगस्टर लॉरेंस सलमान खान को मारना चाहता है। वह कोर्ट में पेशी के दौरान इसकी धमकी तक दे चुका है। सलमान खान के घर पर फायरिंग की प्लानिंग में लॉरेंस के कई गुर्गों को दिल्ली और मुंबई पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। मगर फिर भी लॉरेंस अपने गैंगस्टर के गुर्गों को सलमान खान के पीछे लगाए हुए हैं। कुछ दिन पहले ही मुंबई में सलमान खान के घर पर फायरिंग की जा चुकी है।

मुंबई पुलिस इस मामले में पूरे प्रोटोकॉल को फॉलो करते हुए जांच में जुट गई है।

Exit mobile version