Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की सैलरी बढ़ी:10 साल अनुभव वाले को मिलेंगे 14 हजार; हड़ताल में काटा गया मानदेय वापस देगी सरकार

हरियाणा सरकार ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानेदय में बढ़ोतरी कर दी है। इसको लेकर नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। सरकार अब 10 साल से अधिक अनुभव वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को 14 हजार रुपए देगी। इनके मानदेय में 1339 रुपए बढ़ोतरी की गई है। इससे पहले इनको 12 हजार 661 रुपए सरकार देती थी।

10 साल से कम अनुभव वाली को अब 12,500 रुपए मानदेय दिया जाएगा। पहले इनको 11 हजार 401 रुपए सरकार देती थी। इनके मानदेय में 1099 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। हरियाणा में अभी 23,486 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता काम करते हैं। जबकि, मिनी आंगनवाड़ी वर्करों की संख्या 489 है। इसके अलावा राज्य सरकार में 21,732 आंगनवाड़ी हेल्पर कार्यरत हैं।

आंगनवाड़ी सहायिकाओं को अब 7500 रुपए मानदेय दिया जाएगा। पहले उनको 6781 रुपए मानदेय मिलता था। इनके मानदेय में 719 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। यह मानदेय एक दिसंबर 2023 से बढ़ाया गया है। 18 नवंबर को मुख्यमंत्री ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा की थी। इसकी सहमति वित्त विभाग ने प्रदान की। उसके बाद अब यह आदेश लागू हो गए हैं।

2021-22 के दौरान हड़ताल पर रही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का काटा गया मानदेय सरकार वापस करेगी। इसके आदेश मुख्यालय की ओर से जारी कर दिए गए हैं। आदेश के तहत 29 दिसंबर 2021 से पूर्व हड़ताल पर रही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का मानदेय 25 प्रतिशत की कटौती और 29 दिसंबर 2021 से अप्रैल 2022 तक हड़ताल पर रही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का मानदेय 75 प्रतिशत कटौती करके दिया गया था।

सरकार के इस आदेश के बाद हड़ताल के दौरान की अवधि 29 सितंबर 2021 से पूर्व हड़ताल पर रही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में से 100 रुपए प्रति महीने की कटौती और 29 दिसंबर 2021 से अप्रैल 2022 तक हड़ताल पर रही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के मानदेय में से 200 रुपए प्रति माह की कटौती की जाएगी और बकाया मानदेय जारी किया जाएगा।

Exit mobile version