Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

दुखद खबर: दिल्ली के बाद दहला श्रीनगर, आधी रात हुए ब्लास्ट में इंस्पेक्टर समेत नौ लोगों की मौत

जम्मू-कश्मी की ग्रीष्मकाली राजधानी श्रीनगर के नौगाम थाना में शुक्रवार देर रात हुए विस्फोट में एक पुलिस अधिकारी समेत कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और 26 अन्य लोग घायल हो गए। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है, क्योंकि कई घायलों की हालत गंभीर है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक यह दुर्घटना पुलिस और फोरेंसिक टीमों द्वारा हाल ही ज़ब्त किये गये विस्फोटकों के बड़े जखीरे में विस्फोट होने की वजह से घटित हुयी। इस थाने में दिल्ली ब्लास्ट से लिंक संदिग्धों से पूछताछ चल रही थी।।  

सूत्रों ने बताया कि विस्फोट में कम से कम नौ लोग मारे गए, जिनमें ज़्यादातर पुलिसकर्मी थे और 26 अन्य घायल हो गए। पुलिस की ओर से अभी तक विस्फोट या हताहतों के बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार रात हुआ विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज़ लगभग 20 किलोमीटर दूर तक सुनी गयी। थाने की इमारत और उसके आसपास के कई वाहन आग की चपेट में आ गए। 

आधी रात से कुछ पहले कई एम्बुलेंस और दमकल गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंची। गौरतलब है कि नौगाम थाने की पुलिस ने पिछले महीने जैश-ए-मोहम्मद के धमकी भरे पोस्टरों से संबंधित एक मामला दर्ज किया था, जिसकी जांच के बाद दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए विस्फोट मामले से जुड़े एक बड़े अंतरराज्यीय आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफ़ाश हुआ था। जांच के दौरान बरामद विस्फोटकों को थाने में रखा गया था। जैश के पोस्टरों के मामले की जांच अब जम्मू-कश्मीर पुलिस की विशेष जांच एजेंसी कर रही है।

Exit mobile version