Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

स्वर्ण मंदिर में बेअदबी: पुलिस ने खंगाला आधार कार्ड डेटाबेस, मैच नहीं हुए मृत युवक के फिंगर प्रिंट

गोल्डन टेंपल में बेअदबी का प्रयास करने के बाद मारे गए युवक की पहचान में पुलिस को अभी सफलता नहीं मिला है। पुलिस ने बायोमेट्रिक रिकॉर्ड खंगाला है लेकिन मारे गए युवक के फिंगर प्रिंट आधार कार्ड डेटाबेस से मैच नहीं हुए हैं।

मृतक युवक की पहचान करने के लिए पुलिस रूट मैथ्ड और फॉरेंसिक विभाग की टीम का सहारा ले रही है। पुलिस फॉरेंसिक टीम ने रविवार को युवक के फिंगर प्रिंट लिए थे। फिंगर प्रिंट को पुलिस ने आधार कार्ड के डाटा बेस से मिलाना का प्रयास किया। हालांकि पुलिस का युवक की पहचान का यह प्रयास विफल रहा।

पुलिस कमिश्नर डॉ. सुखचैन सिंह गिल ने बताया कि फिंगर प्रिंट का रिकॉर्ड आधार कार्ड के डाटा बेस और पुलिस के डाटा बेस से मेल नहीं खाया। फिलहाल पुलिस उसके आने-जाने वाले रूट के CCTV फुटेज खोज रही है। जल्द ही उसकी पहचान कर ली जाएगी।

फिलहाल पुलिस ने DCP लॉ एंड ऑर्डर परमिंदर सिंह बंडाल की अध्यक्षता में एक स्पेशल इन्वेस्टिगेटिंग टीम (SIT) का निर्माण किया है। पंजाब के डिप्टी सीएम सुखजिंदर सिंह रंधावा ने भी दो दिन में मारे गए युवक की पहचान करने का ऐलान किया है। रविवार को दरबार साहिब के अंदर मृतक की मूवमेंट दिखने के लिए रूट मैथ्ड का इस्तेमाल किया। सीसीटीवी में टाइम के साथ युवक की मूवमेंट पर नजर रखी गई, लेकिन दरबार साहिब के बाहर पुलिस को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।

DCP बंडाल के अनुसार कि स्वर्ण मंदिर में बेअदबी की घटना को अंजाम देने वाला युवक सुबह ही पहुंच गया था। 11.40 बजे वह स्वर्ण मंदिर में दाखिल हो गया था। युवक तीन से चार बार गुरुघर में माथा टेकता देखा गया। वह दो बार लंगर हॉल में और एक बार अकाल तख्त साहिब के पीछे आराम करता दिखा। गुरुघर के बाहर छोटी-छोटी गलियां होने के कारण पुलिस को उसकी मूवमेंट ट्रैक करने में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। रविवार पूरा दिन पुलिस की टीमें दरबार साहिब और आसपास के एरिया में सीसीटीवी चेक करती रहीं।

मृतक युवक लंगर हाल में गया, जहां लंगर खाने के बाद वह परिक्रमा में घूमा। कुछ समय के लिए वह श्री अकाल तख्त साहिब के पिछली तरफ बैठ आराम भी किया। वह लंगर हाल में दूसरी बार चाय पीता हुआ भी नजर आया। अधिकारियों का कहना है कि गुरु घर में भी मृतक की मूवमेंट तीन से चार बार डिटेक्ट हुई है। वह अंदर जाकर माथा टेक फिर बाहर आ जाता था।

Exit mobile version