Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

बिहार में बनेगा सचिन तेंदुलकर’क्रिकेट के भगवान’ का मंदिर : फैन सुधीर कुमार इसे मुजफ्फरपुर में बनवाएंगे

मुजफ्फरपुर में ‘क्रिकेट के भगवान’ कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर का मंदिर बनेगा। इसकी घोषणा सचिन के जबर्दस्त फैन सुधीर कुमार ने की है। उन्होंने बताया कि 4 साल के अंदर यह मंदिर बनकर तैयार हो जाएगा। वह कांटी के दामोदरपुर में मंदिर बनवाने के लिए जगह देख रहे हैं। अगर किसी कारण यहां जगह नहीं मिल पाई तो मुजफ्फरपुर में ही कहीं और जगह देखकर मंदिर तैयार करेंगे।

सुधीर ने बताया कि उनकी इच्छा है कि मंदिर में पहला कदम सचिन ही रखें। इसके लिए सुधीर उन्हें सम्मान के साथ बुलावा भेजेंगे। उन्हें पूरी उम्मीद है कि सचिन मुजफ्फरपुर आएंगे। जब सुधीर से पूछा गया कि क्या वे मंदिर बनाने के लिए चंदा इकट्ठा करेंगे, तो उन्होंने इसे सिरे से नकार दिया। उन्होंने कहा कि वे अपने पैसे से मंदिर बनवाएंगे, क्योंकि यह उनका सपना है और वे इसे हर हाल में साकार करेंगे।

फिल्म अभिनेताओं के मंदिर देख मिली प्रेरणा
सुधीर ने कहा कि सचिन तेंदुलकर के जरिए ही उन्हें देश और विदेशों में पहचान मिली है। जब भी दक्षिण भारत में जाते हैं तो वहां सुपरस्टार रजनीकांत का मंदिर देखते हैं। कोलकाता में महानायक अमिताभ बच्चन का मंदिर कुछ साल पहले बना था। बस, यहीं से उन्हें प्रेरणा मिली और उन्होंने ठान लिया कि चाहे जैसे भी हो, मंदिर जरूर बनवाएंगे।

मार्बल की होगी भव्य मूर्ति
सुधीर ने कहा कि वे अभी से मंदिर की रूपरेखा तैयार करने में जुट गए हैं। मंदिर के लिए सचिन की मार्बल की भव्य मूर्ति बनाई जाएगी। मंदिर को भी भव्य आकार दिया जाएगा। इसको लेकर उनकी कई लोगों से बातचीत भी हो रही है। सुधीर की दिली इच्छा है कि सचिन तेंदुलकर बिहार आएं। उन्होंने कहा कि यहां के क्रिकेट प्रेमी कई साल से उनके यहां आने का इंतजार कर रहे हैं।

Exit mobile version