Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में जिला परिषद के अविश्वास प्रस्ताव पर बवाल: पार्षद बोलीं- चेयरपर्सन-उनके गैंगस्टर पति ने किया बेटे को किडनैप

रोहतक जिला परिषद की चेयरमैनी के विवाद में पार्षद ने बेटे के अपहरण का आरोप लगाया। पार्षद ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा के सामने विधानसभा चुनाव लड़ने वाली जिला परिषद की मौजूदा चेयरपर्सन मंजू हुड्‌डा एवं उनके गैंगस्टर पति पर आरोप लगाया है। साथ ही मंजू हुड्डा और उनके पति पर मामला भी दर्ज करवा दिया गया है।

DSP रजनीश ने बताया कि पार्षद के बेटे के अपहरण मामले में भाजपा नेता एवं जिला परिषद चेयरपर्सन मंजू हुड्डा व उनके पति राजेश सरकारी सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

बता दें कि अपहरण के 3 घंटे बाद ही पार्षद का बेटा मिला गया था। पार्षद प्रतिनिधि का कहना है कि 23 अक्टूबर को जिला परिषद चेयरपर्सन के खिलाफ आने वाले अविश्वास प्रस्ताव को प्रभावित करने के लिए बेटे का अपहरण किया गया था।

वहीं, इन आरोपों पर चेयरपर्सन मंजू हुड्‌डा का कहना है कि मेरी छवि को खराब करने के लिए ये सब किया जा रहा है। मेरा व मेरे परिवार का इससे कोई लेना देना नहीं है। इस मामले पर मंजू हुड्डा के पति राजेश सरकारी का भी एक बयान सामने आया आया है जिसमें उन्होंने कहा कि ये साजिश हमारे कामों को प्रभावित करने के लिए की जा रही है।

इस्माईला गांव के रहने वाले जगबीर खत्री ने बताया कि उनकी पत्नी नीलम जिला परिषद की पार्षद है। उसका 15 वर्षीय बेटा धैर्य सोमवार सुबह घर से बाहर घूमने के लिए निकला था। इसी दौरान गाड़ी सवार लोगों ने धैर्य का जबरन हथियार के बल पर अपहरण कर लिया और अपनी गाड़ी में लेकर चले गए। कुछ टाइम बाद उनका बेटा दिल्ली रोड पर ढाबे पर सकुशल मिल गया।

धैर्य ने बताया कि पहले उसकी बाइक को टक्कर मारी और फिर उसे गाड़ी में ले गए। कार सवार 5 लोग थे। पहले उसे मिलन ढाबे पर ले जाया गया। इसके बाद सुनारिया साइड ले गए। वहां उन्होंने गाड़ी एक्सचेंज की। कार सवार कह रहे थे कि अपने पापा को समझा ले, नहीं तो परसों इलेक्शन के बाद देख लेंगे। इसके बाद उसे मिलन ढाबे पर ही छोड़कर चले गए।

खुद पर लगे आरोपों पर चेयरपर्सन मंजू हुड्‌डा ने वीडियो जारी कर कहा- मेरे पास सुबह से कई फोन आए। हमारी पार्षद नीलम के बेटे का किसी ने अपहरण किया है। इसमें मेरे ऊपर आरोप लगाए गए, जिसमें मेरा कोई लेना-देना नहीं है। मैने अभी-अभी विधानसभा का चुनाव लड़ा है और चुनाव इतना शांतिपूर्वक ढंग से लड़ा है कि किसी से भी ऊंची आवाज में बात नहीं की।

मैं इन सभी चीजों में विश्वास नहीं करती। मैं लोकतंत्र में विश्वास करती हूं। जो सरकार ने मेरी जिम्मेवारी लगा रखी है, उसके तहत जनता की सेवा करना चाहती हूं। ये सारी बातें झूठी हैं।

Exit mobile version