Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

करनाल में देर रात लापता JE पर बवाल :परिजनों ने रोड किया जाम ,ग्रामीणों का आरोप पुलिस मामले को संजीदगी से नहीं ले रही

करनाल में मुनक रोड गगसीना का रहने वाला JE दीपक गांव के ही एक भाजपा नेता के करीब एक करोड़ रुपए लेकर आ रहा था। ग्रामीणों का आरोप है कि इस रकम की वजह से दीपक लापता हुआ है। उनका यह भी आरोप है कि पुलिस मामले को संजीदगी से नहीं ले रही। यह आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग मूनक रोड रात भर जाम रखा।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्दी ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया तो वह आज नेशनल हाईवे जाम कर देंगे। ग्रामीणों की चेतावनी के बाद पुलिस हरकत में आई। ग्रामीणों के 10 लोगों के प्रतिनिधिमंडल को SP गंगाराम पूनिया ने बातचीत के लिए बुला लिया। SP ने बताया कि पुलिस मामले को लेकर गंभीर है। दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। अभी जांच जारी है। क्योंकि मामला पेचीदा है, इसलिए अभी इस बारे में कुछ नहीं बताया जा सकता।

दीपक करनाल के PWD विभाग में कार्यरत है। वह चंडीगढ़ कार्यालय में काम से गया था। करीब 8 बजे उसने चंडीगढ़ से करनाल पहुंचने पर अपने घर फोन कर बोला कि वह 1 घंटे तक आ जाएगा। उसके साथ दोस्त है, उनके लिए भी डिनर तैयार रखना, लेकिन साढ़े 8 बजे उसका फोन बंद हो गया। परिवार वालों ने कई बार कॉल की। जब कॉल नहीं मिली तो वह चिंतित हो गए। उन्होंने मूनक पुलिस स्टेशन में शिकायत दी। रात में दीपक का कोई पता नहीं चल पाया।

मंगलवार की दोपहर दीपक की कार पश्चिम यमुना नहर के किनारे मिली थी। कार का एक शीशा टूटा हुआ था। कार में कुछ नोट भी बिखरे हुए थे। इसी बीच गांव का एक भाजपा नेता कर्ण सिंह भी दीपक के बारे में पूछते हुए उनके घर आया। इस नेता ने बताया कि दीपक उसकी रकम लेकर चंडीगढ़ से आ रहा था। परिजनों का शक इस बात से गहरा गया कि, कर्ण सिंह को न तो अपनी रकम की चिंता हो रही है, न दीपक की। इस वजह से वह भड़क गए। इसके चलते ही उन्होंने सड़क जाम की है।

जानकारी के अनुसार दीपक का अढ़ाई साल का बेटा है। घर का इकलौता सहारा दीपक है। कई साल पहले ही दीपक के पिता का निधन हो चुका है। अब घर में दीपक की पत्नी, उसकी मां और एक अढ़ाई साल का बेटा है। जो सोमवार से अपने घर पर दीपक का इंतजार कर रहे है। परिजनों की ज्यादा चिंता इसलिए भी बढ़ गई, क्योंकि दीपक की कार नहर किनारे बरामद हुई है।

जानकारी के अनुसार दीपक की करीब 3 साल पहले ही PWD विभाग में JE की सरकारी नौकरी मिली थी। दीपक की पोस्टिंग भी करनाल में ही थी। इससे पहले दीपक DC रेट पर लगा हुआ था। दीपक के लापता होने पर पूरे गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई। दीपक के लापता होने की अनसुलझी गुत्थी से ग्रामीण पुलिस की इस तरह की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे है

मौके पर पहुंचे DSP गौरव फोगाट ने बताया कि पुलिस की तीन टीमें दीपक की तलाश में जुटी हुई हैं। जबकि परिजनों ने जिन लोगों के नाम लिए हैं उन दो लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। दोनों लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Exit mobile version