रोहतक नगर निगम में कर्मचारियों की ऑनलाइन हाजिरी को लेकर मंगलवार सुबह हंगामा हो गया। निगम ने 15 दिन की ऑनलाइन हाजिरी न लगाने पर सफाई कर्मचारियों का जुलाई माह का वेतन रोक दिया। नाराज कर्मचारी निगम कार्यालय के बाहर एकत्रित हुए और आयुक्त कार्यालय में घुस गए। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कर्मचारियों को कार्यालय से बाहर निकाला। 

खास बात यह रही कि प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों में फूट पड़ गई। दोनों पक्ष अलग-अलग जगह एकत्रित होकर प्रदर्शन करते नजर आए। नगर पालिका कर्मचारी संघ की नगर निगम इकाई के पूर्व प्रधान संजय बिड़लान ने बताया कि कर्मचारियों पर ऑनलाइन हाजिरी के लिए दबाव बनाया जा रहा है। कर्मचारी पहले से इसका विरोध कर रहे हैं। अभी तक निगम प्रशासन ने जुलाई माह का वेतन जारी नहीं किया है। इससे कर्मचारियों को घर चलाना मुश्किल हो रहा है। 

सुबह आठ बजे पहले सफाई कर्मचारी पाड़ा मोहल्ले में एकत्रित हुए। इसके बाद प्रदर्शन करते हुए अंबेडकर चौक के नजदीक निगम कार्यालय में पहुंचे। पहले गेट पर धरना देकर प्रदर्शन किया गया। इसी बीच प्रधान शंभू गुट ने कार्यालय के पार्क में धरना शुरू कर दिया। करीब साढ़े 10 बजे निगम आयुक्त जैसे ही कार्यालय में आए तो पूर्व प्रधान संजय बिड़लान के नेतृत्व में सैकड़ों कर्मचारी कार्यालय के अंदर घुस गए। तत्काल आर्य नगर थाना पुलिस व पुलिस लाइन से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। किसी तरह कार्यालय व सीढ़ियों से कर्मचारियों को बाहर निकाला गया। ताजा जानकारी मिलने तक फिलहाल प्रदर्शन जारी था। 

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!