Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

महम की नगरपालिका में बवाल:पार्षद प्रतिनिधि बोले- BJP नेता ने गालियां दी; हुड्‌डा ने कहा- वह शराब पीकर आया, तू-तड़ाक की

रोहतक की महम नगर पालिका में शुक्रवार (22 नवंबर) को पार्षद प्रतिनिधि और भाजपा नेता एवं भारतीय कबड्‌डी टीम के पूर्व कप्तान दीपक हुड्‌डा के बीच हंगामा हो गया।

इसमें वार्ड नंबर 3 की पार्षद रेणु के प्रतिनिधि मान सिंह वाल्मीकि ने आरोप लगाया कि मीटिंग में दीपक हुड्‌डा ने उनके साथ बदतमीजी की और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कमरे से बाहर निकाल दिया। मान सिंह वाल्मीकि ने महम शहर थाना पुलिस में दीपक हुड्‌डा समेत अन्य के खिलाफ लिखित शिकायत दी है।

वहीं दीपक हुड्‌डा ने आरोप लगाया कि मान सिंह वाल्मीकि ने शराब पी हुई थी। हंगामा प्री प्लांड था। इसलिए पहले ही पार्षद प्रतिनिधि मीटिंग में तू तड़ाक कर बातचीत कर रहा था। विकास कार्यों की समीक्षा रिपोर्ट मांगी तो हंगामा किया। ये लोग नहीं चाहते कि महम का विकास हो।

वार्ड नंबर 5 के पार्षद अनिल चांवरिया ने बताया शुक्रवार वह और अन्य पार्षद नगर पालिका में मौजूद थे। इसी दौरान दीपक हुड्‌डा वहां आए तो उनका पूरा मान-सम्मान किया, लेकिन बैंच रखने को लेकर उन्होंने पार्षद प्रतिनिधि मान सिंह से बदतमीजी की और जातिसूचक शब्द कहते हुए धमकी देकर बाहर फेंकने की बात कही।

यह सरासर गलत था इसलिए पार्षद उठकर बाहर आ गए। मान सिंह वाल्मीकि ने आरोप लगाया कि हम जीतकर जन प्रतिनिधि के रूप में चुने गए हैं। SC समाज से आते हैं, इसलिए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करके हमें बाहर फेंकने की बात कही गई।

दीपक हुड्‌डा ने कहा कि मीटिंग से पहले ही 4-5 लोग बाहर खड़े हुए थे। ये मीटिंग में तू तड़ाक कर करके बात करने लगे। ये लोग नहीं चाहते कि हम विकास की बात करें। जब मैंने सभी विकास कार्यों का ब्योरा मांगा तो मान सिंह ने गलत बोलना शुरू कर दिया। इसके बाद कमरे से बाहर जाकर उन्होंने वीडियो बनाकर कहा कि जातिसूचक शब्द कहे गए। भाजपा हर जाति और नागरिक का सम्मान करती है।

Exit mobile version