Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में BJP कैंडिडेट के ड्राइवर से 50 लाख बरामद:नोएडा से ला रहा था, सबूत नहीं दिखा पाया; बोला-प्लाट की रजिस्ट्री करानी है

हरियाणा के सोनीपत में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान कार से 50 लाख रुपए कैश बरामद किया है। कार में 2 युवक सवार थे, जिनमें से एक जींद के भाजपा प्रत्याशी कृष्ण मिड्‌ढा का ड्राइवर हैप्पी है और दूसरा उनका करीबी कालू उर्फ सुरेंद्र आहूजा है। दोनों नोएडा से कैश लेकर आ रहे थे।

पुलिस के सामने दावा किया गया है कि ये 50 लाख रुपए प्लाट की रजिस्ट्री के लिए हैं। आचार संहिता लगने के बाद 50 हजार रुपए से ज्यादा की राशि बिना प्रूफ के ले जाने पर पाबंदी है। पुलिस ने कार से नोटों की 20 गड्‌डी (बंडल) बरामद की हैं और प्रत्येक गड्‌डी में 500 रुपए के 500 नोट थे।

सोनीपत में ये पहला मौका है जब आचार संहिता लागू होने के बाद एक साथ इतना कैश पकड़ा गया है। शंका है कि इस राशि का प्रयोग चुनाव में होना था। मामले में आगे की जांच इनकम टैक्स विभाग द्वारा की जाएगी। फिलहाल जांच टीम ने ये रुपए ट्रैज़री में जमा करवा दिए हैं।

Exit mobile version