बहादुरगढ़ (झज्जर): धनतेरस की रात बहादुरगढ़ के सूर्या नगर में बदमाशों ने दिल्ली के एक कारोबारी की कंपनी को निशाना बनाया। करीब 3 से 4 नकाबपोश बदमाशों ने कंपनी में घुसकर सुरक्षा गार्ड को पिस्तौल दिखाकर धमकाया, उसके साथ मारपीट की और हाथ-पैर बांधकर पहली मंजिल पर बने कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद आरोपी करीब डेढ़ घंटे तक कंपनी में लूटपाट करते रहे और लाखों रुपये का सामान लेकर फरार हो गए।
गार्ड करीब आठ घंटे तक बंधक बना रहा। सुबह करीब 8 बजे दूसरा सुरक्षा गार्ड कंपनी पहुंचा तो उसे रमेश कुमार हाथ-पैर बंधे हुए हालत में रोता-बिलखता मिला। दूसरे गार्ड ने उसे बंधनमुक्त कराया और पुलिस व कंपनी मालिक को घटना की सूचना दी।
मशीनें लगने से पहले ही कंपनी में वारदात
दिल्ली निवासी कारोबारी आकाश की बहादुरगढ़ के सूर्या नगर में आकाश इंटरनेशनल नाम से कंपनी है। यहां प्लास्टिक के बड़े कूलर बनाए जाने हैं। फिलहाल कंपनी में मशीनें लगाने और अन्य तैयारियों का काम चल रहा था। कुछ दिन बाद कंपनी की ओपनिंग होनी थी।
रात की ड्यूटी के दौरान गार्ड को बनाया बंधक
जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर की रात रमेश कुमार की कंपनी में सुरक्षा गार्ड के तौर पर ड्यूटी थी। उसकी ड्यूटी रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक थी। रात को वह गार्ड रूम से निकलकर कंपनी परिसर का चक्कर लगाने जा रहा था। इसी दौरान उसे परिसर में 3 से 4 नकाबपोश युवक दिखाई दिए।
आरोप है कि बदमाशों ने रमेश को पकड़ लिया और पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद कपड़े से उसके हाथ-पैर बांध दिए और कंपनी कार्यालय की पहली मंजिल पर बने कमरे में बंद कर दिया।
कॉपर कॉइल, बैटरियां और मशीन लेकर फरार
गार्ड को कमरे में बंद करने के बाद बदमाशों ने कंपनी में करीब डेढ़ घंटे तक तलाशी और लूटपाट की। आरोपी ट्रांसफार्मर की कॉपर कॉइल, दो इन्वर्टर बैटरियां, 15 से 20 फीट कॉपर केबल और थ्रेड मशीन सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए।
चोरी हुए सामान की कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
सुबह दूसरा गार्ड पहुंचा तो खुला मामला
सुबह करीब 8 बजे दूसरा सुरक्षा गार्ड बालेश्वर कंपनी पहुंचा। उसने रमेश कुमार को पहली मंजिल के कमरे में बंधक बना देखा। इसके बाद उसके हाथ-पैर खोले गए। कंपनी परिसर की जांच करने पर कॉपर कॉइल, बैटरियां, केबल और थ्रेड मशीन सहित सामान गायब मिला।
सिक्योरिटी इंचार्ज की शिकायत पर केस दर्ज
घटना की सूचना मिलने पर सिक्योरिटी इंचार्ज राजेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि बदमाशों ने गार्ड के साथ मारपीट कर उसे बांधा और कंपनी से कीमती सामान चोरी किया।
शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-6 पुलिस ने केस नंबर 253 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

