Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

KYC अपडेट करने के बहाने खाते से उड़ाए 1.10 लाख रूपये- एनिडेस्क ऐप डाउनलोड कराकर दिया वारदात को अंजाम

बहादुरगढ़ में KYC अपडेट करने के नाम पर एक युवक के साथ ठगी की वारदात हुई। शातिर ठगों ने पहले एनिडेस्क ऐप डाउनलोड कराई और फिर खाते से चंद मिनट में ही 3 बार में 1 लाख 10 हजार रुपए ट्रांसफर कर लिए। बहादुरगढ़ शहर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, बहादुरगढ़ शहर के मोहल्ला जटवाड़ा निवासी संजय सैनी का दिल्ली स्थित गोखले मार्केट की पीएनबी शाखा में अकाउंट है। संजय सैनी के पास मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले शातिर व्यक्ति ने बताया कि उनके मोबाइल सिम की KYC अपडेट नहीं है। अगर आज ही अपडेट नहीं कराई तो फिर सिम बंद हो जाएगी।

सिम बंद होने के डर से संजय ने उससे बातचीत शुरू की तो शातिर ठग ने बताया कि उसे पहले एनिडेस्क ऐप डाउनलोड कर 10 रुपए का रिचार्ज करना होगा। संजय ने शातिर के कहे अनुसार ऐप डाउनलोड कर ली और फिर ऐप द्वारा मांगी गई डेबिट कार्ड संबंधित जानकारी भी उसमें डाल दी। कुछ मिनट बाद ही पहले उसके खाते से 49 हजार, फिर 59 हजार और आखिरी में 2 हजार रुपए निकाल लिए गए।

चंद मिनट में ही 1 लाख 10 हजार रुपए साफ होने के बाद संजय सैनी ने वापस उसी नंबर पर कॉल की तो मोबाइल नंबर स्विच ऑफ मिला। संजय तुरंत बैंक पहुंचा और अपने खाते को बंद कराने के साथ ही निकाली गई नकदी की जानकारी भी ली। बुधवार की शाम संजय ने बहादुरगढ़ शहर थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने अज्ञात शातिर ठग के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

शुरूआती जांच में पता चला कि संजय के खाते से किसी दूसरे खाते में नकदी ट्रांसफर की गई है। पुलिस अब उस खाते से संबंधित जानकारी जुटा रही है, जिससे शातिर ठग तक पहुंचा जा सके।

Exit mobile version