Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

गुरुग्राम में क्रेटा सवार युवकों का हुड़दंग: सनरूफ से बाहर निकलकर सड़क पर मचाया उत्पात, महिला-बच्चों से बदसलूकी का आरोप; CCTV में कैद

गुरुग्राम: ओल्ड गुरुग्राम के सेक्टर-5 इलाके में क्रेटा कार सवार युवकों की हुड़दंगबाजी का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक चलती कार की सनरूफ खोलकर बाहर निकल आए और छत पर बैठकर हुड़दंग करने लगे। कार में तेज आवाज में गाने बजाए जा रहे थे। इस दौरान युवकों ने सड़क पर चल रहे दूसरे वाहन चालकों को भी डराने का प्रयास किया।

मामला शुक्रवार रात करीब 8:02 बजे का बताया जा रहा है। स्थानीय निवासी बिट्टू कटारिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि क्रेटा सवार युवक सड़क पर लापरवाही से गाड़ी चला रहे थे। उनकी हरकतों से राहगीरों और दुकानदारों को परेशानी हो रही थी।

महिला और दो बच्चों से बदसलूकी का आरोप

शिकायतकर्ता के अनुसार, इसी दौरान उनके छोटे भाई कुलताज के कुछ रिश्तेदार अपनी कार से वहां पहुंचे। उनकी गाड़ी में एक महिला और दो छोटे बच्चे भी मौजूद थे। आरोप है कि क्रेटा सवार युवकों ने उनके पास गाड़ी रोककर महिला और बच्चों के साथ अभद्र व्यवहार किया। अचानक हुए घटनाक्रम से बच्चे डर गए।

इसके बाद आरोपी युवक अपनी कार लेकर मौके से फरार हो गए।

लाठी लेकर युवकों को खदेड़ने निकले परिजन

शिकायतकर्ता ने बताया कि रिश्तेदारों के साथ बदसलूकी की जानकारी मिलने पर परिवार के लोग गुस्से में लाठियां लेकर बाहर निकले और युवकों को खदेड़ने का प्रयास किया। हालांकि, आरोपी वहां से भाग निकले। बाद में परिवार ने महिला और बच्चों को सुरक्षित घर पहुंचाया।

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

घटना इलाके में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में क्रेटा कार और उसमें सवार युवक दिखाई दे रहे हैं। शिकायतकर्ता ने आरोपियों की पहचान के लिए CCTV फुटेज पुलिस को सौंप दी है।

पुलिस कर रही कार मालिक की तलाश

सेक्टर-5 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस CCTV फुटेज के जरिए कार के मालिक और उसमें सवार युवकों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि सड़क पर स्टंट करने, सनरूफ से बाहर निकलकर हुड़दंग मचाने और महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version