रोहतक, 30 जुलाई 2026। गर्मी के मौसम में कैंसर मरीजों को राहत देने के लिए रोटरी क्लब रोहतक नेक्स्ट ने पीजीआईएमएस रोहतक के ऑन्को सर्जरी विभाग को 5 विंडो एसी दान किए हैं। क्लब का कहना है कि इससे सर्जरी के बाद मरीजों की बेहतर हीलिंग होगी और संक्रमण का खतरा भी कम होगा।
रोटरी क्लब रोहतक नेक्स्ट के अध्यक्ष अतुल बंसल और सचिव कनिष्क बंसल ने 29 जुलाई को पीजीआईएमएस के निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल को पत्र सौंपकर 2 टन के 2 और 1.5 टन के 3 एसी दान करने की पेशकश की।
ऑन्को सर्जरी विभाग के अध्यक्ष डॉ. संजीव प्रसाद ने बताया कि उनका विभाग हरियाणा के साथ-साथ दूसरे राज्यों से आने वाले कैंसर मरीजों का भी इलाज करता है। यहां हर महीने लगभग 750 मरीज ओपीडी में आते हैं। वार्ड नंबर 8 में 20 बेड का वार्ड, हाई डिपेंडेंसी एरिया, एक पोस्ट ऑपरेटिव एरिया और दो जनरल रूम हैं जहां हर महीने करीब 250 मरीजों का इलाज होता है। हर महीने लगभग 20 बड़े और 50 छोटे ऑपरेशन किए जाते हैं। यहां ब्रेस्ट कैंसर, ओरल कैंसर, लंग कैंसर, एसोफेगस, ओवेरियन और सर्वाइकल कैंसर के मरीजों की सर्जरी सबसे ज्यादा होती है।
डॉ. प्रसाद ने कहा कि हाई डिपेंडेंसी और पोस्ट ऑपरेटिव एरिया में एसी लगने से मरीजों को अनुकूल तापमान मिलेगा। इससे गर्मियों में नमी के कारण होने वाले पोस्ट ऑपरेटिव संक्रमण कम होंगे और मरीजों के ठीक होने की संभावना बढ़ेगी।
विश्वविद्यालय के कुलपति
डॉ. एच.के. अग्रवाल ने कहा कि रोटरी नेक्स्ट जैसी स्वैच्छिक संस्थाओं के सहयोग से हम मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दे सकते हैं।
पीजीआईएमएस के निदेशक पडॉ. एस.के. सिंघल ने रोटरी नेक्स्ट के प्रयासों की सराहना की और कहा कि गर्मी के महीनों में यह दान कैंसर मरीजों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा।
डीन डॉ अशोक चौहान ने बताया कि पीजीआईएमएस में सामाजिक कार्यों के लिए आने वाले सभी दान दाताओं का वे तहे दिल से आभार व्यक्त करते हैं।
पीजीआईएमएस के जनसंपर्क विभाग के सीनियर प्रोफेसर इंचार्ज डॉ. मंजूनाथ ने रोटरी नेक्स्ट क्लब के अध्यक्ष अतुल बंसल और सचिव कनिष्क बंसल को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई दी और पूरे क्लब का धन्यवाद किया। इस अवसर पर डॉ ऊषा नरूला फाउंडेशन के सचिव डॉ अरुण नरूला भी उपस्थित रहे।

