Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक के युवक ने ससुरालियों पर दर्ज करवाया केस: बोला- पत्नी के अवैध संबंध हैं, तलाक पाने के लिए झूठे मामले दर्ज कर रही

पानीपत के गांव अटावला निवासी महिला और उसके परिजनों के खिलाफ धोखाधड़ी का एक केस सामने आया है। केस दर्ज रोहतक के गांव बोहर निवासी युवक ने करवाया है। शादी के बाद पत्नी के अवैध संबंधों का पता लगने के बाद पति ने 2 माह बाद ही पंचायत करवा कर तलाक की मांग की थी। इसके बाद महिला द्वारा ससुरालियों पर दो केस दर्ज करवाए। लेकिन पति ने साक्ष्यों समेत सच साबित कर दिया। अब पति की शिकायत पर पत्नी, सास-ससुर और साले पर धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ है।

SP को दी शिकायत में नवीन कौशिक ने बताया कि वह रोहतक जिले के गांव बोहर का रहने वाला है। उसकी शादी फरवरी 2020 में पानीपत के गांव अटावला निवासी महिला से हुई थी, लेकिन पत्नी और उसके परिवार का व्यवहार शुरुआत से ही संदिग्ध है। पत्नी के कई लड़कों के साथ शादी से पहले और शादी के बाद भी अवैध संबंधों के बारे में पता लगा।

इसके बाद दोनों परिवारों के बीच कई बार पंचायत भी हुई। तलाक की बात हुई, जिसके बाद अप्रैल 2020 से वह अपने मायके में रह रही है। पत्नी ने दिसंबर 2020 में पानीपत महिला थाना में दहेज, गर्भपात, अप्राकृतिक यौन शोषण, दहेज, जान से मारने की धमकी व अन्य आरोपों में केस दर्ज करवा दिया तो उसने पत्नी के अवैध संबंधों के सबूत पुलिस को उपलब्ध करवाए थे। चार माह तक चली जांच के बाद सभी आरोप झूठे पाए गए तो दर्ज केस कैंसिल कर दिया गया।

कुछ दिन बाद पत्नी ने फिर से एक शिकायत देकर मुकदमा दर्ज करवा दिया। इसके बाद फिर से केस की जांच चली। पत्नी ने अपने भाई, पिता व मां के साथ षडयंत्र रचकर मतलौडा के एक क्लीनिक का फर्जी गर्भपात का मेडिकल तैयार किया। इस बारे में पता लगने पर वह खुद क्लीनिक पर गया, जहां क्लीनिक संचालिका ने बताया कि उसकी पत्नी न क्लीनिक आई और न ही मेडिकल बनवाया।

इसकी शिकायत पति ने पुलिस को दी। मामले में क्लीनिक संचालिका के भी बयान दर्ज किए गए। जिसने पुलिस के सामने भी कहा कि यह मेडिकल जाली बनाया गया है। इसके बाद दूसरा केस रद्द करके पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके परिजनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अब मामले में आगे की जांच पड़ताल की जा रही है।

Exit mobile version