रोहतक जिले में कुलताना रोड पर स्थित स्वामी नित्यानंद ग्लोबल रेजिडेंशियल स्कूल की छात्रा हर्षिता कौशिक को यह मौका मिला है।हर्षिताको कैनेडी लूगर यूथ एक्सचेंज एंड स्टडी प्रोग्राम के तहत अमेरिकन सरकार ने स्कॉलरशिप प्रदान की है। देश से इस प्रोग्राम के लिए 29 बच्चे चुने गए, जिसमें हरियाणा से केवल हर्षिता को मौका मिला है। इसे लेकर हर्षिता व उसका परिवार काफी खुश है।
10वीं क्लास की छात्रा हर्षिता कौशिक को स्कूल ने जब इस प्रोग्राम के बारे में उसे बताया तो उसने स्कॉलरशिप जीतने के लिए मेहनत शुरू कर दी। 8 राउंड की परीक्षा पास करने के बाद जब उसका चयन हुआ तो हर्षिता व उसके परिवार का खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
हर्षिता कुलताना के एक सामान्य परिवार से है। परिवार वाले खेती बाड़ी पर निर्भर है। उनकी आर्थिक स्थिति भी ऐसी नहीं है कि वह बेटी को अमेरिका पढ़ने के लिए भेज सकें। हर्षिता ने कहा कि उसने सपने में भी नहीं सोचा था कि उसे अमेरिका में पढ़ने का मौका मिलेगा।हर्षिता बताती है कि उसके परिवार के हालात ऐसे नहीं है कि इतना खर्च उठाया जा सके, लेकिन स्कूल के उत्साहवर्धन और उसकी मेहनत ने यह मुकाम हासिल किया है। स्कूल के निदेशक मनोज गहलावत व प्राचार्य संगीता नैन ने हर्षिता व उसके परिवार को बधाई दी।
हर्षिता उन बच्चों के लिए प्रेरणा बनेगी। जो मेहनत करके इस मुकाम को हासिल करना चाहते हैं। हरियाणा से पहली बेटी है, जो अमेरिका में 11वीं कक्षा में मेडिकल साइंस की फ्री पढ़ाई कर सकेगी। स्कूल के स्टाफ ने भी हर्षिता को बधाई दी।
