Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक का अशोक टेलर हत्याकांड: फेसबुक पर मटरी पहलवान ने हत्या की जिम्मेदारी ली, लिखा- अभी और होंगी हत्याएं

रोहतक जिले के गांव सैमाण में विगत गुरुवार को हुए टेलर अशोक के हत्याकांड में अब नया मोड़ आ गया है। मटरी पहलवान नामक शख्स ने फेसबुक पर पोस्ट डालकर यह दावा किया है कि उसने ही टेलर की हत्या की है। मटरी पहलवान ने पोस्ट में लिखा है कि उसे इस लाइन में लाने को मजबूर करने वालों का यही हश्र होगा। गांव सैमाण में अभी और हत्याएं होंगी, प्रशासन ग्रामीणों को परेशान न करे। पोस्ट के बाद ग्रमीणों में भय फैल गया है। पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।

फेसबुक पर डाली गई पोस्ट में लिखा कि मैंने टेलर का मर्डर किया है। अभी गांव सैमाण में और भी हत्याएं होंगी। मुझे इस लाइन में आने के लिए मजबूर करने वाले सभी लोगों का यही हश्र होगा। जब तक मेरा लक्ष्य पूरा नहीं होता, सैमाण गांव में हत्याओं का सिलसिला जारी रहेगा। टेलर अशोक की हत्या की जिम्मेदारी लेता हूं। प्रशासन से निवेदन है कि किसी को भी नाजायज परेशान न करे। जय बजरंग बली की।

महम थाना क्षेत्र के गांव सैमाण में विगत 23 जनवरी को पेशे से टेलर अपने घर के बाहर कुर्सी पर बैठे हुए थे। इसी बीच एक कार व एक बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद घटनास्थल पर आई पुलिस उस दिन कुछ खास सुराग हासिल नहीं कर सकी थी। पूरे मामले को पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है।

मृतक के बेटे के साथ 2013 में कुकर्म हुआ था। जिसमें दो बालिग व दो नाबालिगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था। मामले में दोनों बालिग बड़े समय के बाद जेल से बाहर आए थे। इस दौरान आरोपियों में झगड़ा हो गया व सात माह पहले रोहित नाम के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

पुलिस ने टेलर के हत्यारों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। मामले में सीआईए पुलिस ने दो युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। एक युवक सैमाण गांव का है, जबकि दूसरा भिवानी जिले का है। सीआईए पुलिस को इन दोनों युवकों से मर्डर के आरोपियों को लेकर अहम सुराग लग सकते हैं। हत्यारों की सूचना देने वाले को 10 हजार रुपए के इनाम की घोषणा भी की जा चुकी है। टेलर की हत्या के बाद से ही गांव में भय का माहौल है। ऐसे में फेसबुक पर डाली गई यह पोस्ट और डर का माहौल पैदा कर रही है। पुलिस गांव की गतिविधियों पर पैनी नजर रख रही है।

Exit mobile version