Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

Haryana: नेशनल हाईवे पर रोहतक के युवक को ट्रकों ने कुचला, चलती गाड़ी से सड़क पर गिरा; पीछे से आ रहे ट्रकों ने रौंदा

करनाल में नेशनल हाईवे पर मनक माजरा स्थित पुराने टोल टैक्स के पास एक दुःखद हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक एक युवक चलती ट्रक से नीचे गिर गया। गिरते ही पीछे से आए दो अज्ञात ट्रक युवक को कुचलते हुए निकल गए। युवक को तुरंत एम्बुलेंस से नीलोखेड़ी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान रोहतक के कुलताणा निवासी 28 वर्षीय सुमित के रूप में हुई है। बुटाना थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव रायपुर रोडान निवासी विक्रम “जोकि हिमाचल ढाबे पर चौकीदार है” ने पुलिस को बताया कि वह रात करीब 12 बजे ड्यूटी पर था। वह ढाबे पर रुकने वाले ट्रकों को एक साइड में पार्क करवा रहा था। उसी समय कुरुक्षेत्र की ओर से करनाल की तरफ आ रहे एक ट्रक ने ढाबे को पार करते ही हादसे को अंजाम दिया। ट्रक के ऊपर बने टुल से एक युवक गिरा और ट्रक उसी के ऊपर से गुजर गया। उसके पीछे एक और ट्रक आया, जिसने युवक को फिर से कुचल दिया।

विक्रम ने पुलिस को बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। ट्रक ड्राइवरों की मदद से घायल युवक को चेक किया गया तो उसकी दोनों टांगें पूरी तरह कुचली हुई थीं और शरीर पर भी कई गंभीर चोटें थीं। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही थाना बुटाना के एसआई गुरबचन अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। युवक को खून से लथपथ हालत में डिवाइडर के पास पड़ा पाया गया। हाईवे थाना करनाल से सरकारी एम्बुलेंस बुलाई गई और युवक को नीलोखेड़ी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने चेकअप के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मृतक को कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के मोर्चरी हाउस में रेफर किया। किसी तरह से परिजनों से संपर्क किया और हादसे की जानकारी दी। जिसके बाद परिजन करनाल पहुंचे और मृतक की शिनाख्त की। आज पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार सुमित ड्राइवर का काम करता था और 26 अप्रैल की रात को करनाल आया था और कल रात को यह हादसा हो गया। सुमित दो भाईयो में बड़ा था और अविवाहित था। उसकी मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूटा है। जांच अधिकारी गुरबचन सिंह के मुताबिक परिजनों की शिकायत के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।

Exit mobile version