रोहतक शहर में एटीएम कार्ड के दुरुपयोग का मामला सामने आया है, जहां एक युवक के खाते से हजारों रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है, जिसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पाड़ा मोहल्ला निवासी वंश 28 मार्च को हुडा कॉम्प्लेक्स स्थित एटीएम से पैसे निकालने गए थे। कैश निकालने के बाद वह गलती से अपना डेबिट कार्ड एटीएम मशीन में ही भूल गए और घर लौट आए। इसके बाद 31 मार्च को उनके मोबाइल पर खाते से पैसे निकलने के मैसेज आने लगे। मैसेज देखते ही वंश तुरंत बैंक पहुंचे, जहां उन्हें पता चला कि उनका डेबिट कार्ड एटीएम में ही छूट गया था।
सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया कि एटीएम गार्ड ने कार्ड उठाकर ओपन बॉक्स में रख दिया था। अगले दिन एक युवक वहां पहुंचा और कार्ड उठाकर ले गया। आरोप है कि युवक ने कार्ड का इस्तेमाल मोहाली में कर खाते से करीब 86 हजार रुपये निकाल लिए।
पीड़ित वंश ने आर्य नगर थाना पुलिस को शिकायत देकर आरोपित को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने गार्ड की भूमिका पर भी शक जताया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।

