Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में महिला ने सोने की पाँच Nose pin निगलीं: ज्वेलरी शॉप पर डिजायन देखने पहुंची थी

रोहतक में एक ज्वेलर की दुकान से दिनदहाड़े 2 महिलाओं द्वारा सोने की चोरी का एक मामला सामने आया है। ये महिलाएं एक दुकान पर ग्राहक बनकर पहुंची थीं, और सोने की तिल्ली (नोज पिन) खरीद रही थीं। इसी दौरान उन्होंने सोने की 10 तिल्लियां मुंह में छिपा लीं और एक तिल्ली के 1500 रुपए देकर चल दीं।

हालांकि, उनकी हरकतों से दुकानदार को शक हो गया था, इसलिए उसने मौके पर ही दोनों महिलाओं की तलाशी ली, जिसमें एक महिला के मुंह से सोने की 5 तिल्लियां बरामद हो गईं। सुनार का आरोप है कि 5 तिल्लियां एक महिला ने निगल ली हैं। पुलिस ने दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर महिला थाने को सौंप दिया।

जानकारी के अनुसार यह वारदात रोहतक के महम में आजाद चौक स्थित ज्वेलर राजकुमार लांबा की दुकान में हुई। राजकुमार के मुताबिक मंगलवार शाम को दुकान पर 2 महिलाएं आईं। उन्होंने तिल्लियों के डिजाइन दिखाने के लिए कहा। इसके बाद उनके सामने सोने की तिल्लियों का डिब्बा रख दिया। दोनों महिलाएं डिब्बा उठाकर तिल्लियां देखती रहीं। इसी दौरान उन्होंने चालाकी से 10 तिल्लियां मुंह में रख लीं और उनकी जगह नकली तिल्लियां डिब्बे में रख दीं। महिलाएं काफी देर तक दुकान में बैठी रहीं। इसके बाद उन्होंने एक तिल्ली खरीदकर 1500 रुपए दे दिए।

दुकानदार राजकुमार का कहना है कि उन्हें महिलाओं की हरकतों से उन पर शक हो गया था। वे बार-बार अपने मुंह पर हाथ फेर रही थीं। इसलिए, जाने से पहले उनकी तलाशी ली गई। इस दौरान देखा कि एक महिला के मुंह में सोने की तिल्लियां दबी हुई थीं। उसके मुंह से तिल्लियां निकलवाईं। जबकि, दूसरी महिला के मुंह से कुछ नहीं मिला। हालांकि, शक उस पर भी था। इसलिए, तुरंत तिल्लियों का डिब्बा चेक किया। उसमें रखी तिल्लियां चेक कीं तो पता चला कि 10 तिल्लियां नकली हैं।

ज्वेलर का आरोप है कि महिलाओं ने डिब्बे से 10 असली तिल्लियां निकालकर उतनी ही नकली तिल्लियां उसमें रख दीं। उसमें से 5 तिल्लियां एक महिला के मुंह से मिल गईं, जबकि बाकी 5 तिल्लियां दूसरी महिला ने निगल ली हैं। इसके बाद ज्वेलर ने पुलिस को सूचित किया। थोड़ी देर में मौके पर पुलिस पहुंची और पूछताछ कर दोनों महिलाओं को हिरासत में ले लिया। इसके बाद उन्हें थाने ले जाकर महिला थाना पुलिस के हवाले कर दिया। महम चौकी प्रभारी पंकज के मुताबिक आज महिला थाना पुलिस ने महिलाओं को कोर्ट में पेश किया है। मामले की जांच जारी है।

Exit mobile version