रोहतक स्थित हरियाणा सहकारी चीनी मिल भाली आनंदपुर में 67वें पिराई सत्र सोमवार से शुरू हो गया है। शुभारंभ पर पर मुख्यातिथि के रूप में हरियाणा के सहकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री डॉ. बनवारी लाल पहुंचे। यहां पर प्रदेश के 5 जिलों के किसानों के गन्ने की पिराई की जाएगी।
इस बार करीब 60 लाख क्विंटल गन्ने की पिराई का लक्ष्य रखा है। डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा सहकारी चीनी मिल्ज को मुनाफे में लाने के लिए अनेक कदम उठाए गए है। चीनी मिलों का घाटे से उबारने के लिए एथनौल प्लांट लगाए जा रहे है तथा बिजली का उत्पादन भी किया जा रहा है।
डॉ. बनवारी लाल ने मिल परिसर में सबसे पहले गन्ना लेकर आने वाले 6 किसानों को भी सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि डेयरी संघ तथा हैफेड के उत्पादों को प्रदेश के बाहर भी बिक्री के लिए भेजा जा रहा है। प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत के आह्वान के दृष्टिगत सभी को सहकारिता के साथ जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

सहकारिता मंत्री ने कहा कि किसानों को सरकार द्वारा गन्ने का सर्वाधिक मूल्य देने के साथ-साथ निर्धारित अवधि में गन्ने का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। सरकार द्वारा हर किसान का एक-एक गन्ना खरीदकर समय पर भुगतान पारदर्शिता के साथ किसानों के खातों में होगा। गन्ने की पर्ची व यार्ड के बारे में एसएमएस के माध्यम से किसान को सूचना मिलेगी।
सहकारी चीनी मिल की प्रबंध निदेशिका मेजर गायत्री अहलावत ने कहा कि चीनी मिल में 5 जिलों रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर व सोनीपत जिलों के 256 गांवों के 6 हजार से अधिक गन्ना उत्पादकों के गन्ने की पिराई की जाएगी। वर्तमान पिराई सत्र के दौरान मिल द्वारा 60 लाख क्विंटल गन्ने की पिराई का लक्ष्य रखा गया है। गत वर्ष मिल द्वारा 57 लाख क्विंटल गन्ने की पिराई करते हुए 5 लाख 31 हजार क्विंटल चीनी का उत्पादन किया गया।

कलानौर निवासी नरेंद्र, भाली निवासी राजेश, भाली निवासी मनदीप तथा बिजेंद्र आदि 4 किसानों को सम्मानित किया गया। जो मिल में सबसे पहले ट्रॉली व बैल गाड़ियों से गन्ना लेकर पहुंचे थे। चीनी मिल के गन्ना केंद्र दुजाना से गन्ना लेकर पहुंचे ट्रक चालक कृष्ण तथा गन्ना केंद्र महराना से गन्ना लेकर पहुंचे ट्रक चालक सुनील को सम्मानित किया। मिल के सबसे बुजुर्ग पूर्व निदेशक नाथूराम को भी मिल प्रबंधन द्वारा सम्मानित किया गया।
