रोहतक की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने पानीपत पुलिस के वांटेड 5 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में दर्ज एक मुकदमे में आरोपी है।
वह वारदात के बाद से ही फरार चल रहा था। STF ने आरोपी को आगामी कार्रवाई व पूछताछ के लिए पानीपत के इसराना थाना पुलिस को सौंप दिया। जिससे पानीपत पुलिस अब कोर्ट के आदेशों पर पूछताछ करेगी।
STF के SP जयबीर राठी ने बताया कि रोहतक STF के DSP संदीप धनखड़ की अगुआई में टीम इंचार्ज इंस्पेक्टर नरेंद्र पाल की टीम ने 5 हजार के इनामी बदमाश सुनील पुत्र राम सिंह निवासी पलड़ी जिला पानीपत को गिरफ्तार किया है।जिसने 7 अप्रैल 2022 को आपसी जमीनी विवाद के चलते अपने साथियों के साथ मिलकर अपने ही गांव पलड़ी के अरवीन पुत्र जगबीर और जगबीर को अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से जान से मारने की नीयत से गोलियां मारी और फरार हो गया था।
इसराना थाना पुलिस को दी शिकायत में सचिन कुमार ने बताया था कि वह गांव पलड़ी का रहने वाला है। 7 अप्रैल 2022 को उसके पिता जगबीर और भाई अरवीन कुमार खेत में बनी परचून की दुकान पर आए हुए थे। जहां उन्होंने देखा कि दुकान से सुनील, साहिल और अन्य 8 से 10 आदमी सामान निकाल रहे थे।
इसी बीच किसी ग्रामीण ने उसे भी फोन पर सूचना दी कि उनकी दुकान में चोरी हो रही है। मौके पर पिता और भाई ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो सुनील ने अपने हाथ में ली हुई पिस्टल से जान से मारने की नीयत से उनकी ओर गोलियां चला दी।साथ आए युवकों ने भी उन पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अपनी जान बचाने के लिए दोनों इधर-उधर भागे। जिस दौरान उसके भाई को गोली लगी और पिता को भी काफी गंभीर चोट आई। आरोपी जाते हुए दुकान का सामान और रुपए ले गए।
