रोहतक जिले में उदय सिंह मीणा ने पांच दिन पहले रोहतक एसपी का कार्यभार संभाला था। कार्यभार संभालने के बाद से ही वे पूरे एक्शन मोड में हैं। उन्होंने गुरुवार और शुक्रवार दो दिन लगातार चार थानों में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वहां ड्यूटी समय में नदारद मिले पुलिसकर्मियों को फोन किया और थाने से गैर हाजिर होने का जबाब मांगा। इसके बाद उन्होंने सभी पुलिस कर्मचारियों को लताड़ लगाई और अगली बार कड़ी कार्रवाई करने की वार्निंग दी।

एसपी ने थाना प्रभारियों को कहा कि वे सुबह और रात के समय थानों से गैर हाजिर क्यों रहते हैं। क्या उनके थाना क्षेत्रों में सुबह और रात को क्राइम नहीं हो सकता है। एसपी के इस रूप से पूरे महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

एसपी उदय सिंह मीणा सुबह 8 बजे ही अपने निवास स्थान से निकल पड़ते हैं। कार्यालय 10 बजे के करीब पहुंचते हैं, मगर उससे पहले वे‌ जिले में कानून व्यवस्था का खुद बारीकी से जायजा लेते हैं। इसी क्रम में गुरुवार को एसपी ने सुबह-सवेरे ही पीजीआई थाने का निरीक्षण किया। इसके बाद शिवाजी कॉलोनी थाना में गए। दोनों ही जगह पर उनको बहुत-सी अनियमितताएं दिखाई दीं। जिनकी ड्यूटी उस समय थाने में थी, उनमें से काफी पुलिसकर्मी नदारद मिले। एसपी ने अनेकों खामियों को खुद अपनी पर्सनल डायरी में नोट किया। इसके अलावा गैर ‌हाजिर मिले पुलिसकर्मियों को कड़ी हिदायत देते हुए फटकार लगाई।

शुक्रवार सुबह एसपी अपने स्टाइल में 8 बजे ही निवास स्थान से निकल गए। वे सबसे पहले अर्बन एस्टेट थाने में पहुंचे। जहां अधिकांश स्टाफ गैर हाजिर मिला। मौके से काफी कुछ वे डायरी में नोट करके और पुलिसकर्मियों को लताड़ लगाते हुए सदर थाना की ओर गए। सदर थाने में भी बहुत-सी अनियमितताएं मिलीं। इन दोनों थानों में से एक थाना के प्रभारी को एसपी ने फोन किया और गैर हाजिर होने का कारण पूछा। जिस पर थाना प्रभारी ने कहा कि वह टीम के साथ किसी मौके पर गए हुए हैं। एसपी ने मौके की फोटो और लोकेशन मांगी तो थाना प्रभारी अपने झूठ में फंस गए। एसपी ने एसएचओ को लताड़ लगाई और भविष्य के लिए सचेत किया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, एसपी ने अपने इन 5 दिनों के कार्याकाल के दौरान एक रात को बस स्टैंड के सामने बने ढाबों में भी रेड की थी। मगर एसपी की रेड के दौरान वहां कुछ नहीं मिला। एसपी के पास जानकारी थी कि इन ढाबों में असामाजिक काम होते हैं। वहां कुछ भी नहीं मिलने के बाद एसपी ने पुलिस के उन मुखबिरों की कुंडली जल्द उनके टेबल पर पेश करने के आदेश डीएसपी स्तर के अधिकारियों को दिए हैं, जो अपराधियों के साथ संलिप्त हैं।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!