Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक: रोटरी क्लब ने 25 जरूरतमंद बालिकाओं और महिलाओं को बांटी नि:शुल्क साइकिलें

रोहतक। रोटरी क्लब रोहतक द्वारा स्कॉलर रोज़री स्कूल, सोनीपत रोड पर नि:शुल्क साइकिल वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य दूर-दराज से स्कूल आने वाली जरूरतमंद बालिकाओं तथा रोजगार के लिए आने-जाने वाली महिलाओं को आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना था।
इस सामाजिक पहल को रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3011 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटे. डॉ. रवि गुगनानी द्वारा प्रायोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष डॉ. एस. एल. वर्मा ने की। इस अवसर पर 25 जरूरतमंद बालिकाओं एवं महिलाओं को नि:शुल्क साइकिलें वितरित की गईं।
अपने संबोधन में डॉ. एस. एल. वर्मा ने कहा कि रोटरी का ध्येय “स्वयं से पहले सेवा” है। उन्होंने कहा कि कई बेटियां स्कूल की दूरी और कई महिलाएं आवागमन के साधनों की कमी के कारण शिक्षा व रोजगार से वंचित रह जाती हैं। ऐसे में साइकिल वितरण उनके लिए केवल एक साधन नहीं, बल्कि शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि यह पहल ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ और महिला सशक्तिकरण अभियान को भी मजबूती प्रदान करती है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ रोटेरियन डॉ. आर. के. चौधरी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए लाभार्थियों को जीवन में निरंतर आगे बढ़ने और अवसरों का सदुपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
क्लब सचिव डॉ. सुनील मुंजाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि यह परियोजना रोटरी इंटरनेशनल के फोकस एरिया ‘शिक्षा सहयोग एवं बालिका-महिला सशक्तिकरण’ के अंतर्गत संचालित की गई है और यह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. रवि गुगनानी के सहयोग से संभव हो सकी।
इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी संजीव वधवा, डिस्ट्रिक्ट एग्जीक्यूटिव सेक्रेटरी हनीश महेन्द्रू, डी.एस. बधवार, अमित गोयल, अमित नागपाल, मनोज बत्रा, सोम सचदेवा, परवीन बत्रा, प्रदीप कटारिया, शशि दुदेजा, एस.के. सचदेव, सुरेश कथूरिया सहित क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन क्लब सचिव डॉ. सुनील मुंजाल ने किया। समारोह के समापन पर सभी लाभार्थियों एवं क्लब सदस्यों के लिए जलपान एवं चाय की व्यवस्था भी की गई।

Exit mobile version