रोहतक में बढ़ते साइबर अपराधों को रोकने के लिए एसपी हिमांशु गर्ग ने गाइडलाइन जारी की है। उन्होंने त्योहारी सीजन में साइबर ठगी के मामलों से सावधान रहने की सलाह दी। एसपी ने बताया कि साइबर अपराधी फर्जी लॉटरी के नाम पर झांसा देकर धोखाधड़ी कर सकते हैं। जालसाज विभिन्न माध्यमों जैसे टेक्स्ट मैसेज, व्हाट्सएप कॉल, ईमेल या डाक से प्रलोभन देते हैं। जिसमें कार, नकद राशि या इलेक्ट्रॉनिक्स जीतने का दावा किया जाता है।
जानिए…साइबर ठगों से कैसे रहें सावधान?
वे व्यक्तिगत जानकारी, जैसे बैंक विवरण, क्रेडिट कार्ड नंबर मांगते हैं और अक्सर जीतने से पहले फीस की मांग करते हैं। 1.व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें: बैंक खाता, क्रेडिट कार्ड, फोन या ईमेल के माध्यम से अपनी निजी जानकारी कभी भी न दें।
2.संदिग्ध ई-मेल का जवाब न दें: संदेहास्पद ई-मेल का जवाब न दें और संदिग्ध मैसेज पर क्लिक करने से बचें, क्योंकि ये मैलवेयर या वायरस हो सकते हैं।
3.ऑनलाइन फॉर्म भरने से बचें: जालसाज ओर से भेजे गए किसी भी ऑनलाइन फॉर्म को न भरें।
4.अग्रिम शुल्क न दें: लॉटरी की राशि प्राप्त करने के लिए कभी भी किसी को अग्रिम (एडवांस) शुल्क न दें। यदि आप मनी लॉटरी जीतते हैं, तो कोई आपसे अग्रिम शुल्क नहीं मांगेगा।
5.लॉटरी में भागीदारी की याद रखें: यदि आपने लॉटरी में भाग नहीं लिया है, तो आप कभी भी लॉटरी नहीं जीत सकते।
