Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में चुनाव के दौरान फर्जी वोट डालने से रोकने पर पुलिस के कर्मचारी पर हुआ हमला

 रोहतक के गांव सैंपल में चुनाव के दौरान फर्जी वोट डालने से रोकने पर पुलिस के पूर्व जवान पर करीब 12 से अधिक लोगों ने हमला कर दिया। वारदात उस समय की जब वह रविवार को काम से वापस लौटा। आरोपी उसके घर पर आ गए और गली में ही रॉड और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

इस हमले में गांव सैंपल निवासी अशोक घायल हो गया। पुलिस ने 11 नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। अशोक का कहना है कि वह पहले हरियाणा पुलिस का जवान था, लेकिन हमला करने वालों ने रंजिश रखते हुए उस पर केस लगाकर हटवा दिया।

अशोक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सरपंच के चुनाव में एजेंट था। इसी दौरान गांव का ही राजेश फर्जी तरीके से वोट डलवा रहा था। जब उसे रोकने की कोशिश की तो उसने जान से मारने की धमकी दी। वहीं उसका भतीजा जगबीर उर्फ मोलड़ ने धमकाया कि यहां से बाहर निकलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। बार-बार धमकी दे रहे थे और गाली-गलौज कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि उनके पक्ष का सरपंच चुनाव जीत गया। इस पर वह वे सरपंच का स्वागत करने के लिए उनके घर चले गए। वहां से आते वक्त ढोल वाले को अपने साथ लेकर आया और अपने घर के आगे भी ढोल बजाया। जिसके बाद सभी साथ अपने-अपने घर चले गए। उसके बाद धमकी देने वालों ने रात को घर पर आकर मारपीट करने की कोशिश की, लेकिन रात को वह बच गया।

अशोक ने बताया कि वह सुबह उठकर काम पर चला गया। पीछे से आरोपी उसके घर पर चक्कर लगाते रहे। जब वह काम से वापस आया तो आरोपियों को इसका पता लग गया। जिसके बाद आरोपी पक्ष के करीब 12 से अधिक लोग उसके घर पर हमला करने के लिए आए। अंदर का गेट बंद होने के कारण आरोपियों ने गेट तोड़ने की कोशिश की।

उन्होंने कहा कि वह बचने के लिए अपने घर से निकलकर भागा तो आरोपियों ने उसे गली में ही पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने राड, लाठी-डंडे, चैन व लात-घूंसे आदि से मारपीट की। जिसके कारण उसे सिर व शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आई। जिसे उपचार के लिए कलानौर के अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां से चिकित्सकों ने उसे रोहतक PGI में रेफर कर दिया।

अशोक ने बताया कि वह पहले हरियाणा पुलिस का जवान था, लेकिन आरोपियों ने रंजिश रखते हुए उस पर गलत तरीके से छेड़खानी का आरोप लगाया और नौकरी से हटवा दिया। तभी से वे रंजिश रखे हुए हैं। पुलिस ने अशोक की शिकायत के आधार पर 11 नामजद सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

Exit mobile version