Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

गणेश विसर्जन को लेकर रोहतक पुलिस अलर्ट: नहरों पर धारा 163 लागू, रहेगी विशेष निगरानी – गऊकर्ण धाम तालाब पर ही होगा विसर्जन

        गणेश चतुर्थी एवं गणेश प्रतिमा विसर्जन के अवसर पर जिला रोहतक में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए रोहतक पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। दिनांक 25.09.2026 को गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन निर्धारित गऊकर्ण धाम तालाब, गऊकर्ण रोड, रोहतक पर ही किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा अन्य स्थानों, विशेषकर नहरों में प्रतिमा विसर्जन पर रोक लगाई गई है।

रोहतक पुलिस द्वारा विसर्जन स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ महिला पुलिस बल, बैरिकेडिंग, रस्सों, पेट्रोलिंग तथा राइडर पुलिस की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस अधिकारी लगातार निगरानी रखेंगे।
यातायात व्यवस्था रहेगी सुचारू
गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए शोभायात्राओं के निर्धारित रूट पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। शोभायात्राओं को निर्धारित मार्ग से गऊकर्ण धाम तालाब तक पहुंचाया जाएगा तथा वापसी के दौरान भीड़ एवं यातायात को ध्यान में रखते हुए आवश्यक डायवर्जन किया जाएगा।

नहरों पर विशेष निगरानी
जिला रोहतक में जे.एल.एन. नहर व अन्य नहरों के पुलों पर भी पुलिस प्रबंध किए गए हैं। श्रद्धालुओं को नहरों में प्रतिमा विसर्जन न करने के लिए समझाया जाएगा और उन्हें निर्धारित गऊकर्ण धाम तालाब पर विसर्जन करने के लिए मार्गदर्शन किया जाएगा।
नहरों में स्नान व पूजा सामग्री डालने पर रोक
जिला प्रशासन के आदेशानुसार जे.एल.एन. कैनाल, वाई-डब्ल्यू-एस कैनाल तथा अन्य नहरों में स्नान एवं हवन सामग्री आदि डालने पर प्रतिबंध लगाया गया है। आदेशों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आपात स्थिति के लिए विशेष इंतजाम
गऊकर्ण धाम तालाब पर गोताखोर, लाइफ जैकेट, नाव, एंबुलेंस, प्रशिक्षित चिकित्सकों की टीम, फायर ब्रिगेड, छोटी क्रेन तथा पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
रोहतक पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित स्थान पर ही गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन करें, पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, भीड़ में बच्चों का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें। कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

Exit mobile version