Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक पुलिस और वकील विवाद के चलते 10 दिन से जारी है वर्क सस्पेंड, आज दोपहर बाद हाउस की मीटिंग में होगा आगामी फैसला

रोहतक में वकील और पुलिस विवाद प्रकरण खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। वकील शिवाजी कॉलोनी थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मियों पर केस दर्ज करवाने की मांग पर अड़े हैं। इसके लिए 10 दिन से लगातार वकीलों का वर्क सस्पेंड भी जारी है। बीच में एक दिन हरियाणा भर के वकीलों ने वर्क सस्पेंड किया था। मगर वर्क सस्पेंड से कोई हल नहीं निकला। इस वर्क सस्पेंड को आगे जारी रखने या न रखने पर आज दोपहर बाद फैसला होगा। दोपहर बाद वकीलों की हाउस मीटिंग है। बार के नवनिर्वाचित प्रधान लोकेंद्र फौगाट उर्फ जोजो पुलिस व वकीलों के बीच हुई बैठक के बारे में विस्तार से बताएंगे। साथ में संबंधित वकील से सलाह मशविरा भी किया जाएगा।

बता दें कि करीब 10 दिन पहले शिवाजी कॉलोनी थाने में एक वकील दी गई शिकायत पर कार्रवाई के बारे में पूछने गए थे। लेकिन पुलिस कर्मियों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। जबकि पुलिस का आरोप था कि वकील ने अपशब्दों का प्रयोग किया। वकील के खिलाफ केस भी दर्ज किया गया था। इसके विरोध में वकीलों ने एक सप्ताह तक थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर वर्क सस्पेंड रखा। शुक्रवार को बार के चुनाव के बाद शनिवार को वकीलों व पुलिस के बीच एएसपी कार्यालय में बैठक हुई। बैठक में तय हुआ था कि सोमवार को दोबारा वकीलों की बैठक होगी। उसमें आगे का निर्णय लिया जाएगा।

Exit mobile version