Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक PGI के फार्मासिस्ट ने किया सुसाइड: मां के रिटायरमेंट प्लान करने पर होने वाले खर्चे के लिए प्रताड़ित कर रहे थे पत्नी व ससुरालजन; पत्नी समेत 5 पर केस दर्ज

गोहाना में PGI रोहतक के फार्मासिस्ट आशीष उर्फ बिट्टू ने अपनी पत्नी व ससुरालवालों से तंग आकर सुसाइड कर लिया। पत्नी और ससुरालजन उसे इसलिए प्रताड़ित कर रहे थे कि उसने एक महीने बाद अपनी मां की स्वास्थ्य विभाग से रिटायरमेंट के चलते बड़ा प्रोग्राम करने की प्लानिंग की थी। पत्नी व उसके मायके वाले इस पर होने वाले खर्च से खुश नहीं थे। घर में कहासुनी हुई। युवक के साले की घरवाली पुलिस में है, तो उसने झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। पुलिस ने पत्नी समेत 5 ससुरालजनों पर आत्महत्या के लिए विवश करने, धमकी देने का केस दर्ज किया है। इकलौते बेटे की मौत से मां का रो रोकर बुरा हाल है।

गोहाना के सेक्टर-7 में रहने वाली सरोज ने स्वास्थ्य विभाग में नौकरी करती है। उसकी एक महीने बाद रिटायरमेंट हैं। उसके पति ईश्वर की 13 साल पहले मौत हो चुकी है। वह एक बेटा व एक बेटी की मां थी। बेटा-बेटी दोनों की शादी हो चुकी है। बेटा आशीष उर्फ बिट्टू (33) करीब 10 साल से रोहतक पीजीआई में कॉन्ट्रैक्ट बेस पर फार्मासिस्ट की नौकरी करता था। उसने ससुराल वालों से झगड़े के बाद घर में पंखे से फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। वह दो बच्चों का पिता था।

सरोज ने बताया कि उसके बेटे आशीष की शादी करीब 8-9 वर्ष पहले जींद में शिव कॉलोनी की रहने वाली किरण के साथ की थी। आशीष के पास दो बच्चे एक लड़का व एक लड़की हैं। शादी के बाद से ही किरण, उसके माता-पिता व भाई भाभी पारिवारिक बातों का बहाना लेकर उसे व उसके बेटे के साथ लड़ाई झगड़ा करते आ रहे हैं। किरण पति व सास की तनख्वाह को लेकर झगड़ा करती थी। बेटे का ससुर राजवीर धमकी देता था कि फौजी हूं गोली मार दूंगा।

आशीष की पत्नी किरण व सास सुदेश बाला उनको दहेज केस में फंसाने की धमकी देते थे। साला सोनू व उसकी पत्नी कविता भी झूठ मुकदमे फंसाने की धमकी देकर उनको प्रताड़ित कर रहे थे। साला सोनू की पत्नी कविता पुलिस में है और उनको बार-बार झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देती थी। उनकी कई बार शिकायतें पुलिस को दी गई। छानबीन में वे झूठी पायी गई। कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन कोई समाधान पारिवारिक झगड़े का नहीं निकला।

सरोज ने बताया कि वह अगले महीने स्वास्थ्य विभाग से रिटायर्ड होने वाली है। उसके पुत्रवधू किरण, उसकी मां सुदेश, पिता राजवीर, भाई सोनू व सोनू की पत्नी कविता उसकी रिटायरमेंट के वक्त होने वाले खर्च की वजह से खुश नहीं थे। बेटा रिटायरेमेंट पर पार्टी करना चाहता था, लेकिन उसकी पत्नी व ससुरालजन बार-बार विरोध करते थे।

शनिवार रात काे भी इसको लेकर घर में झगड़ा हुआ। पुत्र वधू ने अपने माता पिता और भाई भाभी के कहने पर इस खर्च का विरोध किया और उसके बेटे आशीष के साथ झगड़ा किया। इससे आशीष बहुत प्रताड़ित व परेशान हो गया और उसने सुसाइड कर लिया।

गोहाना सिटी पुलिस ने आशिष की मौत पर उसकी मां सरोज के बयान पर 5 पर आत्महत्या के लिए विवश करने के आरोप में केस दर्ज किया है। इनमें उसकी पत्नी किरण, ससुर राजवीर, सास सुदेश बाला, साला सोनू व सालेह कविता शामिल हैं। मृतक के शव का आज खानपुर पीजीआई में पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। पुलिस ने पांचों पर धारा 306,506,34 IPC के तहत केस दर्ज किया है।

Exit mobile version