Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

दिवाली पर रोहतक PGI अलर्ट, ट्रॉमा-बर्न यूनिट में डॉक्टरों की विशेष ड्यूटी; 24 घंटे मिलेगी एंबुलेंस सेवा

रोहतक। दिवाली के त्योहार को देखते हुए रोहतक स्थित पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (PGIMS) ने मरीजों की सुविधा और आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। अगले 2-3 दिनों तक डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। ट्रॉमा सेंटर, बर्न यूनिट और इमरजेंसी विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि पटाखों से जलने, सड़क हादसों और अन्य दुर्घटनाओं में घायल लोगों को तुरंत उपचार मिल सके।

अस्पताल प्रशासन ने दवाइयों, बेड, ऑक्सीजन और एंबुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था की है। वहीं, एंबुलेंस सेवा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी।

ग्रीन पटाखे भी सीमित मात्रा में चलाने की अपील

PGIMS के वीसी डॉ. एच.के. अग्रवाल ने लोगों से दिवाली पर पटाखे चलाते समय सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ जाता है। ऐसे में बहुत जरूरी होने पर ही सीमित मात्रा में ग्रीन पटाखों का इस्तेमाल करें।

उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के साथ आतिशबाजी करते समय विशेष सावधानी बरतने और उन्हें अकेले पटाखे नहीं चलाने देने की अपील की।

मिलावटी मिठाइयों से बचें, प्रदूषण में मास्क लगाएं

वीसी ने लोगों को मिलावटी मिठाइयों से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्रदूषण बढ़ने से दमा और अस्थमा के मरीजों की परेशानी बढ़ सकती है। ऐसे मरीज बाहर निकलते समय मास्क पहनें और अधिक प्रदूषण व भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचें।

ट्रॉमा सेंटर और बर्न यूनिट में विशेष ड्यूटी

PGIMS के रजिस्ट्रार डॉ. रूपसिंह ने बताया कि ट्रॉमा सेंटर, बर्न यूनिट और इमरजेंसी विभाग में डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तुरंत उपचार देने के लिए दवाइयां, बेड और ऑक्सीजन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

24 घंटे उपलब्ध रहेंगी एंबुलेंस

दिवाली के दौरान दुर्घटनाओं और पटाखों से होने वाली चोटों की आशंका को देखते हुए एंबुलेंस स्टाफ को भी अलर्ट किया गया है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, 24 घंटे एंबुलेंस सेवा उपलब्ध रहेगी। किसी भी हादसे की सूचना तुरंत PGI प्रशासन को देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाकर इलाज शुरू किया जा सके।

Exit mobile version