हरियाणा के रोहतक शहर में रात के समय बेखौफ घूम रहे अपराधियों का एक और मामला सामने आया है। पीजीआई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अर्जुन नगर में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब एक बजे दो हमलावरों ने किराना दुकान में घुसकर एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया।
हमलावरों ने युवक के सिर पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे वह मौके पर ही खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए हवा में बाइक लहराते हुए फरार हो गए।
अस्पताल में उपचाराधीन घायल युवक की पहचान अर्जुन नगर निवासी सुरेंद्र विरमानी के 19 वर्षीय बेटे गर्वित के रूप में हुई है। गर्वित ने बताया कि अर्जुन नगर चौक पर उसके पिता की परचून की दुकान है।
रात को जब वह दुकान पर ही मौजूद था, तभी एक स्कूटी पर सवार होकर दो अज्ञात युवक पहुंचे। उनके हाथों में लाठियां थीं और उन्होंने दुकान में कदम रखते ही बिना कोई बात किए सीधे उसके सिर पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके की तरफ दौड़े, जिन्हें आता देख आरोपी धमकी देते हुए भाग खड़े हुए।
लहूलुहान हालत में गर्वित को स्थानीय लोगों की मदद से परिजनों ने तुरंत रोहतक पीजीआई (PGIMS) के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पीजीआई थाना पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची और पीड़ित का मेडिकल कराने के बाद उसके बयान दर्ज किए। पीजीआई थाना प्रभारी नवीन ने बताया कि मारपीट और जानलेवा हमले की शिकायत के आधार पर दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस की एक टीम वारदात वाली जगह और अर्जुन नगर के मुख्य रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। थाना इंचार्ज के मुताबिक, संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे
