रोहतक जिले के गांव इस्माइला में पानी की डिग्गी के पास मिले युवक के गर्दन कटे शव मामले में नया मोड़ सामने आया है। परिजनों ने मृतक के दो साथियों पर हत्या का शक जताया है। परिजनों के अनुसार मृतक नीरज का देर रात शराब पीने के दौरान अपने दोस्तों के साथ विवाद हुआ था, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई।

मृतक की पहचान गांव इस्माइला निवासी 31 वर्षीय नीरज पुत्र जयपाल के रूप में हुई है। उसका शव पानी की डिग्गी के पास मिला, जबकि गर्दन और धड़ अलग-अलग पड़े हुए थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।परिजनों का आरोप है कि नीरज की हत्या तेजधार हथियार से की गई है। मृतक के बड़े भाई नरेश कुमार ने पुलिस को दिए बयान में दो दोस्तों पर शक जाहिर करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डीएसपी राकेश मलिक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की है। सांपला थाना पुलिस और सीआईए की टीमें भी आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में हत्या देर रात होने की आशंका है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!