Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक हत्याकांड मामला: पोस्टमार्टम के बाद परिजनों व ग्रामीणों ने गांव भाली में NH 709 किया जाम, हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग

रोहतक के गांव भाली में दुकानदार की गोली मारकर हत्या मामले में गुस्साए ग्रामीणों ने राजस्थान के राजगढ़ से पानीपत तक जाने वाले NH 709 को जाम कर दिया है। गांव भाली आनंदपुर स्थित शुगर मिल के पास जाम लगाकर ग्रामीणों ने मांग की कि हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।

जिसके चलते ग्रामीणों में गुस्सा है और उन्होंने नेशनल हाईवे को जाम करके हत्यारों को पकड़ने की मांग की और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। बुधवार को हुई हत्या के बाद से ही ग्रामीणों में रोष है। जबकि पुलिस द्वारा अभी तक किसी को भी गिरफ्तार नहीं किया गया।

गिरफ्तारी नहीं होने के कारण ग्रामीणों ने जाम लगाने का निर्णय लिया। इसके चलते रोहतक-भिवानी मार्ग बंद हो गया। वहीं जाम में अनेक वाहन चालक फंस गए। वहीं जाम में फंसे रहने के कारण परेशानी का भी सामना करना पड़ रहा है।

हत्या की वारदात अभी अनसुलझी है। वारदात को देखकर यही अनुमान लगाया जा रहा है कि हमलावरों से मृतक की गहरी रंजिश थी। जबकि परिवार वालों का कहना है कि किसी से कोई भी रंजिश नहीं है। ऐसे में पुलिस के समक्ष हत्यारों तक पहुंचने की चुनौती है।

पुलिस के अनुसार गांव भाली निवासी करीब 52 वर्षीय बलराज उर्फ पप्पू बुधवार को गांव के पास ठेके पर शराब लेने के लिए गया हुआ था। वहां से बलराज ने शराब खरीदी और वापस चल पड़ा। वापस लौटते समय शराब ठेके के कुछ दूरी पर ही उसकी हत्या की गई है। हत्या की सूचना मिलते ही सनसनी फैल गई।

मृतक बलराज को तीन बच्चे हैं, दो बेटे व एक बेटी। उसने गांव में ही परचून की दुकान की हुई है। साथ ही खेतीबाड़ी भी करता है। ताकि परिवार का पालन पोषण कर पाए। इस वारदात के बाद परिवार में मातम छाया हुआ है। वहीं लोगों का कहना है कि बलराज मिलनसार व शरीफ व्यक्ति था।

गांव भाली आनंदपुर निवासी अजीत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके चाचा बलराज उर्फ पप्पू को किसी अज्ञात ने गोली मार दी। सूचना पाकर वे भी मौके पर पहुंचे। जहां जाकर देखा तो रेलवे फाटक के नजदीक शराब ठेके के पास शव खून से लथपथ पड़ा था। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।

पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार मृतक को करीब 8 गोलियां मारी हैं। वारदात को देखकर लगता है कि हमलावर किसी भी हालत में बलराज को जीवित नहीं छोड़ना चाहते थे। इसलिए ताबड़तोड़ फायरिंग की। जिससे साफ है कि उनकी कोई पुरानी रंजिश थी, लेकिन परिवार वालों ने पुलिस को दी शिकायत में किसी से भी रंजिश होने की बात नहीं कही।

Exit mobile version