Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में नगर निगम हाउस की आज होगी बैठक: 14 एडहॉक कमेटियों पर लगेगी मोहर, पार्षद कपिल नागपाल पर रहेंगी सभी की नजरें

रोहतक नगर निगम की हाउस बैठक रविवार को एक बार फिर सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के बिना होने जा रही है। इससे पहले हुई दो बैठकों में भी ये महत्वपूर्ण पद रिक्त रहे थे। आज होने वाली बैठक में विभिन्न एजेंडों के साथ-साथ 14 एडहॉक कमेटियों के गठन पर भी निर्णय लिया जाएगा। हालांकि, पार्षदों के तेवर को देखते हुए इस बैठक में भी हंगामे की आशंका जताई जा रही है।

पिछली बैठकों में भी हंगामा देखने को मिला था। मेयर ने पिछली बैठक में काम में आनाकानी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी थी और इस संबंध में मुख्यमंत्री से मिलने की बात कही थी।

नगर निगम के पार्षद कपिल नागपाल पर सबकी नजरें रहेंगी, क्योंकि पिछली बैठक में भी कामों को लेकर कपिल नागपाल ने काफी हंगामा किया था। वहीं, कुछ अन्य पार्षदों ने भी विकास कार्यों को लेकर मेयर व अधिकारियों को घेरने का काम किया था। ऐसे में बैठक के दौरान कपिल नागपाल को लेकर सबकी निगाहें टिकी हुई है।

रोहतक नगर निगम मेयर रामअवतार वाल्मीकि के अनुसार, नगर निगम में 14 एडहॉक कमेटियों का गठन किया जाना है, जिसको लेकर हाउस की बैठक में मोहर लग सकती है। इनमें फाइनेंस से लेकर विकास कार्यों की योजना बनाने वाली कमेटी शामिल है। ये कमेटियां निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को गति प्रदान करने के लिए बनाई जा रही है।

हाउस की बैठक में मुख्य रूप से डेयरी शिफ्ट करने, प्रॉपर्टी टैक्स रिकवरी, ऑफिस बिल्डिंग व बोहर गांव में प्रजापति समाज को जमीन देने के बारे में चर्चा की जाएगी। पार्षदों की सहमति के साथ ही एजेंडों पर मोहर लगाई जाएगी। वहीं, निगम कमिश्नर भी बैठक में मौजूद रहेंगे। साथ ही विधायकों के भी बैठक में शामिल होने की उम्मीद है।

Exit mobile version