Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक: गोहाना अड्डा बाजार में नगर निगम कर्मचारियों पर व्यापारी के साथ मारपीट कर बंधक बनाने का आरोप, विरोध में निगम कार्यालय पहुंचे व्यापारी।

रोहतक। शहर के गोहाना अड्डा बाजार में शिवम् मग्गू नामक व्यापारी के साथ नगर निगम टीम के कर्मचारियों द्वारा कथित रूप से मारपीट करने तथा उसे जबरन बंधक बनाकर नगर निगम कार्यालय ले जाने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर स्थानीय व्यापारियों में रोष देखने को मिला।

जानकारी के अनुसार, नगर निगम टीम द्वारा व्यापारी की दुकान के बाहर रखा फ्लेक्स बोर्ड उठाया गया। व्यापारियों का आरोप है कि इस दौरान नियमानुसार कार्रवाई नहीं की गई और कर्मचारियों ने व्यापारी के साथ अनुचित व्यवहार किया।

आरोप है कि व्यापारी शिवम् मग्गू को नगर निगम कार्यालय ले जाकर धमकाया गया तथा उसके खिलाफ झूठी FIR दर्ज करवाने की धमकी भी दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही गोहाना अड्डा बाजार के व्यापारी एकजुट होकर नगर निगम कार्यालय पहुंच गए। व्यापारियों ने व्यापारी के साथ कथित मारपीट और उसे बंधक बनाकर कार्यालय ले जाने का कड़ा विरोध किया। व्यापारियों के सामूहिक विरोध के बाद व्यापारी को छोड़ा गया।

सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद व्यापारी नेता सतीश प्रजापति शिवम् मग्गू की दुकान पर पहुंचे और उसका हालचाल जाना। उन्होंने व्यापारी से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली और उसकी आपबीती सुनी।

इस मामले में व्यापारी नेता सतीश प्रजापति ने नगर निगम के LO संदीप बत्रा से फोन पर बातचीत कर घटना पर कड़ा विरोध जताया। उन्होंने मांग की कि व्यापारी के साथ यदि भेदभावपूर्ण या नियमों के विरुद्ध कार्रवाई हुई है तो मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए तथा दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।

सतीश प्रजापति ने कहा कि व्यापारियों का सम्मान और सुरक्षा सर्वोपरि है। किसी भी व्यापारी के साथ नियमों के विरुद्ध दुर्व्यवहार या दबाव की कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। प्रशासन को व्यापारियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर उचित न्याय सुनिश्चित करना चाहिए।

Exit mobile version