Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक: भव्य योग आयोजन में सांसद संजय भाटिया ने किया योग का महत्व उजागर


रोहतक, 18 जून। जन-जन तक योग पहुँचाने, योगमय जीवन को समाज-राष्ट्र में अपनाने, तथा योग के जरिए स्वस्थ जीवन शैली जीने के सामूहिक संकल्प के साथ आज महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के सरदार वल्लभ भाई पटेल क्रिकेट स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन एवं महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय द्वारा संयुक्त रूप से जिला स्तरीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय समुदाय, संबद्ध महाविद्यालय समुदाय समेत रोहतक शहर व जिला से उमड़े अपार जनसमूह ने योग दिवस कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जिला प्रशासन एवं महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय भव्य योग दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्य सभा सांसद संजय भाटिया ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति तथा समृद्ध विरासत का अभिन्न अंग है। शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से भी योग महत्वपूर्ण है। योग को शरीर-मन-आत्मा का सुंदर जोड़ बताते हुए संजय भाटिया ने योग को जीवन का अनिवार्य अध्याय बनाने का आग्रह किया। संजय भाटिया ने कहा कि योग दिवस पर योग के विषय में लगाई गई कला-इतिहास प्रदर्शनी भी योग के ऐतिहासिक यात्रा तथा भारत में इसके प्रचलन की पुष्टि करता है। उन्होंने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय को इस शानदार योग आयोजन के लिए हार्दिक बधाई दी।
महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में योग को भारत की प्राचीनतम धरोहर करार दिया। उन्होंने कहा कि सिन्धु घाटी सभ्यता के समय से ही भारत में योग की परंपरा का स्पष्ट उल्लेख है। योग को मानव जीवन का अभिन्न अंग बनाने तथा अनुशासित व स्वस्थ जीवन जीने का आह्वान कुलपति प्रो. पूनिया ने किया। इस अवसर पर कुलपति प्रो. पूनियाँ ने एमडीयू द्वारा योग को बढ़ावा देने के लिए छात्र कल्याण विभाग तथा सेंटर फॉर योगिक स्टडीज द्वारा किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। कुलपति ने एमडीयू द्वारा योग युक्त, तनाव-मुक्त जीवन जीने हेतु जागरूकता कार्यक्रम एवं संकल्पबद्धता व्यक्त की।
एमडीयू के इस योग कार्यक्रम में ऋषभ, आदित्य तथा संजीव ने संगीतमय योग प्रस्तुति दी। योग प्रशिक्षक नरेश अहलावत के संचालन में कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत यौगिक क्रिया भी तथा योगासन प्रदर्शन सामूहिक रूप से किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. सपना गर्ग ने स्वागत भाषण किया। आभार प्रदर्शन कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने किया। मंच संचालन कुलपति के ओएसडी डॉ रवि प्रभात ने किया।
एमडीयू में आयोजित इस योग मेगा इवेंट की एक विशिष्टता विजुअल आर्ट्स विभाग की प्राध्यापिका डा. अंजलि दूहन द्वारा क्यूरेटेड योग आधारित कला-इतिहास प्रदर्शनी रही। डा. अंजलि दूहन ने विभिन्न ऐतिहासिक दस्तावेजों से संकलित भारत में योग, विशेष रूप से हठ योग की परंपरा, पर विशेष जानकारी युक्त पोस्टर्स की प्रस्तुति रखी। इस प्रदर्शनी ने भारत की कालजयी योग परंपरा पर फोकस डाला।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस अवसर पर मुख्य अतिथि संजय भाटिया तथा अन्य विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में हरियाणा के पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, प्रतिष्ठित समाजसेवी सुभाष आहूजा, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, प्रतिष्ठित उद्योगपति-समाजसेवी राजेश जैन, उद्योगपति राजेन्द्र बंसल, भाजपा जिला अध्यक्ष एडवोकेट रणबीर ढाका, पूर्व महापौर रेनू डाबला, प्रतिष्ठित कबड्डी खिलाड़ी दीपक हुड्डा, रोहतक जिला परिषद अध्यक्ष मंजू हुड्डा, जाट शिक्षण संस्थान प्रधान गुलाब सिंह दिमाना, महासचिव एडवोकेट नवदीप, सैनी शिक्षण संस्थान के पूर्व प्रधान धर्म सिंह दहिया, जिला उपायुक्त सचिन गुप्ता, नगराधीश शुभम, पीजीआईएमएस निदेशक प्रो. एस. के. सिंघल, पीजीआईएमएस से डॉ. सविता सिंघल की गरिमामयी उपस्थिति इस कार्यक्रम में रही।
एमडीयू के डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. ए. एस. मान, डीन कॉलेज डेवलपमेंट काउंसिल प्रो. राजेश पूनिया, विभिन्न फैकल्टी डीन तथा विभागाध्यक्ष, निदेशक खेल डॉ. शकुंतला बेनीवाल, सम्बद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्य, खेल कार्यालय के प्रशिक्षक, प्राध्यापकगण, गैर शिक्षक कर्मी, शहर के प्रबुद्धजन कार्यक्रम में उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय के शोधार्थी विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट्स, खिलाडी, एनएसएस तथा वाईआरसी के वॉलिंटियर्स इस योग दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। योग की भारतीय परंपरा का ध्वज वाहक बनते हुए एमडीयू में हर घर योग, हर दिन योग संकल्प के साथ ये भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में लगभग पांच हज़ार योग साधकों ने भाग लिया।

Exit mobile version