हरियाणा में बाढ़ से प्रभावित परिवारों और किसानों की मदद के लिए रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा आगे आए हैं। सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आह्वान पर उन्होंने अपना एक महीने का वेतन बाढ़ राहत कोष में जमा कराया है। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में हरियाणा के किसानों, मजदूरों और आम लोगों को त्वरित राहत मिलनी चाहिए।
दीपेंद्र ने राज्य सरकार से आग्रह करते हुए कहा कि बाढ़ प्रभावित जिलों के लिए विशेष राहत पैकेज की तुरंत घोषणा की जाए। उन्होंने किसानों के लिए 70 हजार रुपए प्रति एकड़ मुआवजे की मांग की, ताकि फसलों के नुकसान की भरपाई हो सके। इसके साथ ही उन्होंने घरों और दुकानों को हुए नुकसान का सर्वे कर प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा देने की अपील की।
सांसद ने कहा कि कई गांवों और कस्बों में पानी अब भी भरा हुआ है, जिससे बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में सरकार को चाहिए कि युद्धस्तर पर जल निकासी की व्यवस्था करें और प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाए।
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और कार्यकर्ता हर स्तर पर बाढ़ पीड़ितों की मदद में लगे हुए हैं, लेकिन यह सरकार की जिम्मेदारी है कि वह राहत और पुनर्वास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस हमेशा किसानों और आम लोगों की आवाज उठाती रहेगी।
गौरतलब है कि पिछले दिनों भारी बारिश और नदियों में उफान के कारण हरियाणा के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने, जिससे हजारों एकड़ में खड़ी फसलें चौपट हो गईं और आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
