रोहतक। महम से कांग्रेस विधायक बलराम डांगी को कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार विधायक के मोबाइल पर विदेशी नंबर से एक मैसेज भेजकर एक सप्ताह के भीतर 5 करोड़ रुपये की व्यवस्था करने को कहा गया है।
कथित तौर पर सुमित उर्फ छोटा सामनिया के नाम से भेजे गए इस मैसेज में धमकी दी गई है कि यदि तय समय के भीतर रकम नहीं दी गई तो इस बार गोली कार्यालय पर नहीं, बल्कि सीधे छाती पर मारी जाएगी।
मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और धमकी भरे मैसेज की तकनीकी जांच के साथ-साथ उसे भेजने वाले की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।
गौरतलब हो कि 20 जून 2026 की देर रात करीब 1 बजे महम विधायक बलराम डांगी के कार्यालय पर अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने 4 से 5 राउंड फायरिंग की थी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की थी। अब फायरिंग की घटना के कुछ ही समय बाद मिली इस कथित रंगदारी की धमकी ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। धमकी देने वाले की पहचान और उसके नेटवर्क का पता लगाने के लिए तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
(नोट: पुलिस जांच जारी है। मामले में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर खबर को अपडेट किया जाएगा।)
