रोहतक के कलानौर में आज एक अज्ञात वाहन ने JBT टीचर को टक्कर मार दी। जिसमे टीचर की मौत हो गई। मृतक की पहचान महेंद्रगढ़ के गांव जौनावास निवासी सुरेश कुमार के रूप में हुई है। दो बेटियों के पिता सुरेश पिछले करीब एक साल से कलानौर में किराए पर रह रहे थे। उनकी ड्यूटी सैंपल गांव के स्कूल में थी।
महेंद्रगढ़ के गांव जौनावास निवासी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि वे तीन भाई और एक बहन हैं। उनका सबसे छोटा भाई करीब 50 वर्षीय सुरेश कुमार JBT अध्यापक था। उसकी ड्यूटी गांव सैंपल में थी। सुरेश कुमार कलानौर में किराए पर रह रहा था। सुरेश कुमार सुबह सैर करने के लिए जाता था।
उन्होंने बताया कि बुधवार को सुबह अध्यापक सुरेश कुमार सैर के लिए गए थे। कलानौर के बाइपास पर किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में चोट लगने के कारण सुरेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं वाहन चालक घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया।
राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि घायल अवस्था में सुरेश कुमार ने अपनी पत्नी सुशीला देवी को फोन किया और हादसे के बारे में बताया। सूचना पाकर सुरेश का पड़ोसी प्रह्लाद मौके पर पहुंचा। वहां जाकर देखा तो सुरेश कुमार की मौत हो चुकी थी। वहीं अज्ञात वाहन चालक वहां से जा चुका था।
पुलिस इस सड़क हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। वहीं मामले में कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक सुरेश कुमार के बड़े भाई राजेंद्र के बयान दर्ज किए हैं। बयानों के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
