Rohtak: IMT फैक्ट्री में हुए ब्लास्ट में झुलसे मजदूर के बयान पर पुलिस ने फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अब पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं ब्लास्ट के स्पष्ट कारणों का पता लगाने के लिए भी जांच की जा रही है। हादसे का पता लगने के बाद मौके पर पहुंची एफएसएल टीम ने भी हादसे से जुड़े साक्ष्य जुटाए।
सोमवार को फैक्ट्री में गैस पाइप फटने से ब्लास्ट हो गया था। हादसे में उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद निवासी रमेश व सोहनभद्र निवासी बिजेंद्र की मौत हो गई। गोरखपुर निवासी सच्चिदानंद घायल हुआ। देर शाम तक घायल के बयान दर्ज नहीं होने के कारण मृतकों का पोस्टमार्टम सोमवार को नहीं हो पाया। कागजी कार्रवाई करते हुए अब मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम मंगलवार को करवाया जाएगा।
घायल उत्तर प्रदेश के जिला गोरखपुर के गांव पिपरी निवासी सच्चिदानंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 4 साल से फैक्ट्री में नौकरी कर रहा है। वह सुबह बिजेंद्र व रमेश के साथ हीट ट्रीटमेंट डिपार्टमेंट में फर्नेस मशीन के पास पार्ट पैकिंग का काम कर रहा था।
अचानक फर्नेंस मशीन में ब्लास्ट हो गया, जिस कारण तीनों घायल हो गए। उसने आरोप लगाया कि सेफ्टी ऑफिसर को मशीन चैक करने व सेफ्टी उपकरण उपलब्ध करवाने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने एक नहीं सुनी और यह हादसा हो गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

