रोहतक में कांग्रेस की युवा नेता हिमानी नरवाल के मर्डर केस में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बीती रात दिल्ली से 2 लोगों को शक के आधार पर हिरासत में लिया था। उनसे पूछताछ के बाद एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। गिरफ्तारी के साथ ही परिजनों ने हिमानी नरवाल के अंतिम संस्कार का फैसला किया है; जोकि आज रोहतक में होगाI
आरोपी की हुई पहचान, सचिन नाम के युवक ने की थी हत्या। हत्यारे ने देर रात नागलोई थाने में किया था सरेंडर,रोहतक पुलिस ने कस्टेडी में लिया। सूत्रों के अनुसार, हत्या के पीछे का कारण ब्लैकमेलिंग है। बताया जा रहा है कि हिमानी आरोपी को ब्लैकमेल कर रही थी, जिसके कारण आरोपी ने उसकी हत्या की। हालांकि, इस बारे में पुलिस का अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। यह भी पता चला है कि सचिन ने हिमानी की हत्या मोबाइल चार्जर की केबल से गला घोंटकर की है। आरोपी मोबाइल एसेसरीज की दुकान भी चलाता है। दोनों के बीच क्या बात हुई थी पुलिस इस एंगल को लेकर जांच आगे बढ़ा रही है।
सूत्रों के मुताबिक बहादुरगढ़ के सचिन और हिमानी की एक साल पहले सोशल मीडिया पर मुलाकात हुई थी। हिमानी और सचिन एक-दूसरे को करीब एक साल से जानते थे। सचिन का हिमानी के घर पर आना-जाना भी था।
इससे पहले रविवार को हिमानी की मां सविता ने दावा किया था कि 28 फरवरी को कांठवाड़ी में भूपेंद्र सिंह हुड्डा के प्रोग्राम में हिमानी को शामिल होना था। इसके बाद बेटी लापता हो गई और 1 मार्च को उसका शव सांपला के पास सूटकेस में मिला।
इन आरोपों के बाद हिमानी नरवाल की मां की अनुमति मिलने पर पुलिस ने रविवार शाम शव का पोस्टमॉर्टम कराया, लेकिन परिवार ने डेडबॉडी लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को रोहतक PGI की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। उधर, पूर्व CM भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कहना था कि 28 फरवरी को कांठवाड़ी में उनका कोई कार्यक्रम ही नहीं था।
पूरी जानकारी नीचे ?
शनिवार (1 मार्च) को विजयनगर कॉलोनी की रहने वाली कांग्रेस नेता हिमानी नरवाल का शव सांपला बस स्टैंड के निकट फ्लाईओवर के पास झाड़ियों में मिला था। पहचान न होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम हाउस भेज दिया था।
बेटी के मर्डर की सूचना मिलने पर रविवार दोपहर उसकी मां सविता पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचीं। यहां उसने हत्यारों की गिरफ्तारी न होने तक अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। इसके अलावा आरोप लगाया था कि कांग्रेस से जुड़े कुछ लोगों ने कम उम्र में उसकी बढ़ती लोकप्रियता से जलकर हिमानी की हत्या की है।
वहीं, इस मामले पर हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “कांग्रेस के लोग पहले भी ऐसा करते आए हैं। जल्दी तरक्की करने के लिए दूसरों को पीछे ढकेलना कांग्रेस की पुरानी आदत है। पुलिस गहराई से इसकी जांच कर रही है।
