रोहतक के गांव भाली आनंदपुर में एक दुकानदार को शराब के ठेके के पास अज्ञात हमलावरों ने गोलियों से भून दिया। अंधेरा होने के कारण हमलावर किसी को दिखाई नहीं दिए। केवल गोलियों की आवाज ही सुनाई दी। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो दुकानदार जमीन पर लहूलुहान मिला। जबकि हमलावर मौके से फरार हो चुके थे। कुछ देर बाद ही दुकानदार की मौके पर ही मौत हो गई। बहुअकबरपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। देर रात तक पुलिस वारदात के साक्ष्य जुटाने में लगी रही। हालांकि हमलावरों का सुराग नहीं लगा और न ही दुकानदार के परिजनों के बयान हो सके। जिससे हत्या के कारणों का पता लग सके।

दुकानदार की हत्या करने की वारदात अभी अनसुलझी है। वारदात को देखकर यही अनुमान लगाया जा रहा है कि हमलावरों से मृतक की गहरी रंजिश थी। जबकि परिवार वालों का कहना है कि किसी से कोई भी रंजिश नहीं है। ऐसे में पुलिस के समक्ष हत्यारों तक पहुंचने की चुनौती है I पुलिस के अनुसार गांव भाली निवासी करीब 52 वर्षीय बलराज उर्फ पप्पू बुधवार को गांव के पास ठेके पर शराब लेने के लिए गया हुआ था। वहां से बलराज ने शराब खरीदी और वापस चल पड़ा। वापस लौटते समय शराब ठेके के कुछ दूरी पर ही उसकी हत्या की गई है। हत्या की सूचना मिलते ही सनसनी फैल गई।

मृतक बलराज को तीन बच्चे हैं, दो बेटे व एक बेटी। उसने गांव में ही परचून की दुकान की हुई है। साथ ही खेतीबाड़ी भी करता है। ताकि परिवार का पालन पोषण कर पाए। इस वारदात के बाद परिवार में मातम छाया हुआ है। वहीं लोगों का कहना है कि बलराज मिलनसार व शरीफ व्यक्ति था।

गांव भाली आनंदपुर निवासी अजीत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके चाचा बलराज उर्फ पप्पू को किसी अज्ञात ने गोली मार दी। सूचना पाकर वे भी मौके पर पहुंचे। जहां जाकर देखा तो रेलवे फाटक के नजदीक शराब ठेके के पास शव खून से लथपथ पड़ा था। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।

पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार मृतक को करीब 8 गोलियां मारी हैं। वारदात को देखकर लगता है कि हमलावर किसी भी हालत में बलराज को जीवित नहीं छोड़ना चाहते थे। इसलिए ताबड़तोड़ फायरिंग की। जिससे साफ है कि उनकी कोई पुरानी रंजिश थी। लेकिन परिवार वालों ने पुलिस को दी शिकायत में किसी से भी रंजिश होने की बात नहीं कही।

इधर, परिवार वालों के अनुसार यह अचानक हुई वारदात ही लग रही है। जिसमें बलराज की वापस आते समय किसी के साथ कहासुनी हो गई। जिसके बाद आरोपियों ने गोलियां मारकर उसकी हत्या कर दी। वहीं पुलिस मामले की तय तक जाने के लिए जांच में जुटी हुई है। मृतक के शव का वीरवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!