हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की ओर से ट्रांसपोर्ट नगर सेक्टर-18,18ए में विकसित हो चुके 279 प्लॉट के लिए 17 सितंबर को ई-ऑक्शन का दिन निश्चित किया गया है। इसमें ऑटो व ट्रक मार्केट से फार्म भरने वालों में से पात्र मिले 239 आवेदनकर्ता ही बोली में शामिल हो सकेंगे।
लेकिन इसके लिए उनको 15 सितंबर की शाम तक निर्धारित फीस जमा करवाकर एचएसवीपी की साइट पर रजिस्ट्रेशन करवाकर बोली के बाबत आईडी और पासवर्ड प्राप्त करना होगा। ई-नीलामी सुबह 10 बजे शुरू होगी। मुख्य प्रशासक के निर्देश पर एचएसवीपी की ओर से विभिन्न जिलों में आवासीय व व्यावसायिक स्थलों में प्लॉटों की ई-नीलामी की कार्य योजना बनाई है।
ई-नीलाम में ऐसे हो सकेंगे शामिल
ट्रांसपोर्ट नगर में प्लॉट्स की ई-नीलाम में शामिल होने के इच्छुक लोगों को 15 सितंबर तक पहले 1 हजार रुपए रजिस्ट्रेशन फीस जमा करवाकर आईडी व पासवर्ड हासिल करना होगा। इसके साथ ही बोली के जिस ग्रुप में वे शामिल होंगे, उसकी दुकानों की रिजर्व प्राइज की 5% रकम भी उनको एएसवीपी के खाते में बोली से एक दिन पहले जमा करानी होगी।
ऐसे जारी होगा अलॉटमेंट लेटर
ई-नीलामी में सफल बोलीदाता को अगले ही दिन प्लॉट की कीमत की 5% रकम और एचएसवीपी के खाते में जमा करानी होगी। अलॉटमेंट लेटर पर बैंक से लोन जारी हो सकेगा।
इन सेक्टर के प्लाटों की भी ई-नीलामी
एचएसवीपी की ओर से 17 सितंबर को ही रोहतक में स्थित सेक्टर-25 व 27 में भी खाली प्लाटों की भी ई-नीलामी कराई जाएगी। इसके लिए 15 सितंबर तक रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य है।

