Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक DC के जल निकासी की क्षमता बढ़ाने के निर्देश:महम और ड्रेन नंबर 8 पर 20 पंप लगाए गए; ड्रेन का किया निरीक्षण

रोहतक के डीसी सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि रोहतक में जल निकासी का कार्य पूरी क्षमता से किया जाए। उन्होंने कहा कि रोजाना के आधार पर जल निकासी की क्षमता बढ़ाई जाए। वे कलानौर क्षेत्र में बरसाती जल निकासी के कार्यों का निरीक्षण कर रहे थे।

डीसी सचिन गुप्ता ने क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली लाखनमाजरा लिंक ड्रेन व महम ड्रेन का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए। उन्होंने रोहतक-भिवानी रोड पर लाखनमाजरा लिंक ड्रेन रोड 6100 पर पहुंचकर ड्रेन के जल बहाव को देखा। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ड्रेन बिल्कुल ठीक बहाव से चल रही है और आने वाले दिनों में क्षमता और भी बढ़ जाएगी।

इसके उपरांत उन्होंने कॉलेज मोड पर महम ड्रेन का निरीक्षण किया, जहां पंपों के माध्यम से ड्रेन में पानी डालकर जल निकासी का कार्य किया जा रहा था। इस ड्रेन में भी संतोषजनक तरीके से जल बहाव किया जा रहा था।

सचिन गुप्ता ने गांव आंवल में कृषि भूमि से की जा रही जल निकासी के कार्य का भी निरीक्षण किया। गांव गढ़ी के समीप महम ड्रेन पर लगाए गए पंप हाउस का निरीक्षण भी उपायुक्त ने किया। उन्होंने गांव छारा के समीप केसीबी ड्रेन का निरीक्षण भी किया। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि रोजाना के आधार पर पानी निकासी की क्षमता को बढ़ाया जाए और जैसे ही ड्रेन में पानी का स्तर नीचे जाता है तो जल निकासी की क्षमता सौ फीसदी कर दी जाए।

सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि महम तथा ड्रेन नंबर 8 पर जल निकासी के लिए लगभग 20 पंप सेट लगातार जल निकासी कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार, जिला राजस्व अधिकारी प्रमोद चहल, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता अरुण मुंजाल, राजीव राठी आदि मौजूद थे

Exit mobile version