Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक के DC ने समाधान शिविर में सुनी समस्याएं: बोले- हर गांव में पुस्कालय, जिम, महिला संस्कृति केंद्र हो स्थापित

रोहतक के डीसी धीरेंद्र खड़गटा ने समाधान शिविर में नागरिकों की शिकायतें सुनते समय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे गंभीरता से लोगों की शिकायतों का यथाशीघ्र निपटारा करें। समाधान शिविर में आने वाले नागरिकों को विभागों की कल्याणकारी योजनाओं का पात्रता अनुसार लाभ दिया जाए। शिविर में आधार, परिवार पहचान पत्र इत्यादि के काउंटर भी लगाए जाए।

धीरेंद्र खड़गटा स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समाधान शिविर की अध्यक्षता कर रहे थे। इस मौके पर उपस्थित अधिकारियों ने समाधान शिविर में प्राप्त सभी 15 शिकायतों के निपटारे की कार्रवाई शुरू की। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि समाधान शिविर में प्राप्त होने वाली हर शिकायत का नियमानुसार निदान किया जाए।

अधिकारी समाधान शिविर में आने वाले लोगों को विभाग से संबंधित योजनाओं के बारे में जागरूक करें तथा मौके पर आवेदन फार्म भी भरवाएं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से निरंतर समाधान शिविरों की समीक्षा की जा रही है।

डीसी धीरेंद्र खड़गटा ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि तहसीलों में पार्टिशन इत्यादि के मामलों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को परेशानी ना हो। उन्होंने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग व नगर निगम के अधिकारियों को कहा कि वे शहरी क्षेत्र में लोगों को सीवर कनेक्शन को नियमित करवाने के लिए प्रोत्साहित करें और अवैध रूप से किए गए सीवर कनेक्शन को नियमित न करवाने वाले के चालान करें।

उन्होंने कहा कि ऐसी संस्थाओं की पहचान की जाए, जो शहरी क्षेत्र में पार्क, चौक इत्यादि के रख-रखाव व साफ-सफाई के लिए तैयार है। सड़कों पर गंदगी फैलाने वाले रेहड़ी-फड़ी वाले तथा दुकानदारों के चालान किए जाए।

डीसी धीरेंद्र खड़गटा ने विकास एवं पंचायत तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की हिदायतों अनुसार प्रत्येक गांव में पुस्तकालय, जिम, महिला संस्कृति केंद्र व ग्राम सचिवालय खोलना सुनिश्चित किया जाए। खंड स्तर पर स्थित कार्यालयों के लिए भी रिहायशी कॉलोनी के प्रस्ताव तैयार किए जाए। किराए के भवनों में संचालित हो रहे आंगनवाड़ी केंद्रों की सूची तैयार की जाए। सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में बिजली व पानी की सुविधिा सुनिश्चित की जाए।

Exit mobile version