रोहतक के प्रशासनिक अधिकारी त्योहारी सीजन को देखते हुए व्यवस्थाएं बनाने में जुटे हैं। इसकी कड़ी में मंगलवार को प्रशासनिक अधिकारियों और विभिन्न एसोसिएशनों के पदाधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें शहर में त्योहारी सीजन पर व्यवस्था बनाने पर चर्चा हुई, खासकर ट्रैफिक व्यवस्था पर। हिदायत दी गई कि कोई भी दुकानों के बाहर सामान न रखे। बाजार में पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध करवाई जाएगी।
DC यशपाल ने शहर के विभिन्न बाजारों के व्यापारी एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों का आह्वान किया कि वे त्योहार के अवसर पर बाजारों में व्यवस्था बनाने में प्रशासन का सहयोग करें। इसके लिए दुकानदार से अपील करें कि वे अपनी दुकानों के बाहर सामान न रखें। प्रशासन द्वारा किसी भी व्यक्ति को सड़क पर सामान रखने की अनुमति नहीं दी जाएगी। वहीं उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। कमेटी निरीक्षण करती रहेगी।
शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए वार्ड स्तर पर समितियां गठित की जाएगी, जिसमें प्रशासन, पुलिस तथा विभिन्न एसोसिएशन के प्रतिनिधि शामिल होंगे। सभी एसोसिएशन शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने में सहयोग दें। जिला प्रशासन द्वारा पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की जाएगी। दुकानदारों को सामान लाने-ले जाने के लिए सुबह-शाम वाहन ले जाने की अनुमति देने पर विचार किया जा रहा है।
DC यशपाल ने कहा कि स्थानीय किला रोड, भिवानी स्टैंड, रेलवे रोड, शॉरी मार्केट आदि में आने वाले ग्राहकों के लिए दो पहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था भी दी जाएगी। नगर निगम के संयुक्त आयुक्त महेश कुमार को पुराना राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के पास कचरा डालने वालों पर अंकुश लगाने को कहा। दुकानदार व अन्य व्यक्ति भी मलबा न डालें। सड़क किनारे पार्क किए गए वाहनों पर जुर्माना लगेगा।
SP उदय सिंह मीणा ने कहा कि पुलिस शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए CCTV कैमरों से लगातार निगरानी कर रही है। त्योहारों के सीजन पर पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी। नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। शहर में विभिन्न स्थानों पर 252 CCTV कैमरे लगे हुए हैं, जिनकी नियंत्रण कक्ष के माध्यम से निगरानी की जा रही है।
सार्वजनिक स्थानों पर 180 CCTV लगाने प्रस्तावित SP ने कहा कि आवश्यकतानुसार शहर में सार्वजनिक स्थल चिह्नित किए गए हैं, जहां पर लगभग 180 CCTV कैमरे लगाने प्रस्तावित हैं। व्यापारी एसोसिएशनों एवं रेजिडेंट वेल्फेयर एसोसिएशनों से अपील है कि वे भी अपनी-अपनी दुकानों व कॉलोनियों में CCTV कैमरे लगवाएं, ताकि असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाया जा सके।
