Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक D-Park अग्निकांड: राज्यपाल असीम घोष की बड़ी राहत, मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि

चंडीगढ़, 11 जून (भाषा) हरियाणा के राज्यपाल असीम कुमार घोष ने रोहतक के बाजार में लगी भीषण आग की घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

शहर के सबसे पुराने और व्यस्ततम बाजार क्षेत्रों में से एक में नौ जून को लगी इस विनाशकारी आग ने कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को अपनी चपेट में ले लिया था, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और कई दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा था।

बृहस्पतिवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, राज्यपाल घोष ने इस हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।

उन्होंने हादसे में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि सरकारी अस्पतालों में घायलों का मुफ्त और उचित इलाज सुनिश्चित किया जाए।

राज्यपाल ने रोहतक के उपायुक्त को आग के कारण हुए नुकसान का व्यापक मूल्यांकन करने और जल्द से जल्द सरकार को एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया।

इससे पहले, बुधवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी रोहतक शहर के डी-पार्क बाजार क्षेत्र में लगी इस आग में मारे गए लोगों के परिजनों को दस-दस लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की थी।

इसके अलावा घायलों के परिवारों को दो-दो लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने का भी ऐलान किया गया था।

Exit mobile version