Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

Rohtak: वर्ल्ड कप विजेता शेफाली वर्मा की CM सैनी से मुलाकात आज; सरकार देगी डेढ़ करोड़ रुपए और ए-ग्रेड सर्टिफिकेट- परिवार के साथ पहुंचेगी चंडीगढ़

रोहतक की रहने वाली महिला क्रिकेटर शेफाली वर्मा आज अपने परिवार के साथ चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सैनी से मुलाकात करेगी। सीएम नायब सैनी ने शेफाली को फोन पर वर्ल्ड कप जीतने पर बधाई दी थी और शेफाली को चंडीगढ़ आने का न्योता दिया था। महिला वर्ल्ड कप जीतने में अहम भूमिका निभाने वाली रोहतक की शेफाली वर्मा को सरकार पॉलिसी के अनुसार डेढ़ करोड़ रुपए का इनाम देगी। प्रदेश के खेल विभाग ने इसकी मंजूरी दे दी है। उन्हें ए-ग्रेड का ग्रेडेशन सर्टिफिकेट दिया जाएगा। इससे वे ग्रेड-ए की नौकरी के लिए पात्र हो जाएंगी। उन्हें सीधी नौकरी नहीं मिलेगी, बल्कि खेल कोटे के अनुसार भर्तियों में उन्हें आवेदन कर परीक्षा देनी होगी।

शेफाली वर्मा को ए-ग्रेड में डिप्टी डायरेक्टर तक की पोस्ट मिल सकती है। हालांकि उसके लिए उन्हें एग्जाम देना होगा। सूबे के खेल मंत्री गौरव गौतम के मुताबिक खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में 3 प्रतिशत आरक्षण और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के पदक विजेताओं को ए, बी और सी श्रेणी की नौकरियों में वरीयता दी जाती है। सीएम ने फोन पर फाइनल मुकाबले में प्लेयर आफ द मैच रही वर्मा के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि यह सिर्फ हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार महिलाओं को खेलों में आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। सीएम ने कहा था कि शेफाली जैसी बेटियों ने पूरी दुनिया में राज्य का नाम रोशन किया है।

Exit mobile version